अर्शदीप सिंह की इस खासियत ने भुवनेश्वर कुमार को किया बेहद प्रभावित - क्रिकट्रैकर हिंदी

अर्शदीप सिंह की इस खासियत ने भुवनेश्वर कुमार को किया बेहद प्रभावित

अर्शदीप सिंह को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे T20I मैच में भी मौका दिया जा सकता है।

Arshdeep Singh (Image Source: Twitter)
Arshdeep Singh (Image Source: Twitter)

भारत के सीनियर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज द्वारा दिखाई गई परिपक्वता से हैरान हैं। उन्होंने युवा तेज गेंदबाज की डेथ ओवरों में गेंदबाजी की शानदार क्षमता की भी तारीफ की, जिसके चलते उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिला।

आपको बता दें, बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज ने पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया और अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। हालांकि, अर्शदीप सिंह को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका नहीं दिया गया, लेकिन युवा गेंदबाज ने पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले T20I मैच में मौका पाते ही, सभी को प्रभावित कर दिया, उन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में 24 रन गंवाते हुए दो विकेट लिए।

अर्शदीप सिंह के कायल हुए भुवनेश्वर कुमार

भुवनेश्वर कुमार ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “अर्शदीप सिंह के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि उन्हें पता है कि वास्तव में क्या करना है, टीम को किस चीज की जरूरत है। उसे बखूबी पता होता है कि किस तरह का फील्ड सेट करना है, और प्रत्येक बल्लेबाज को कैसे गेंदबाजी करनी है। मैंने ऐसे बहुत ही कम नए खिलाड़ियों को देखा है, जो इन मामलों में इस तरह तैयार होते हैं, मुझे अर्शदीप सिंह काफी परिपक्व खिलाड़ी लगे।

आमतौर पर आप ये सारी चीजें खेलते-खेलते सीखते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अर्शदीप ये सारी चीजें सीखकर ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरे हैं। उन्होंने पिछले कुछ सालों में आईपीएल में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह बहुत अच्छे से जानता है कि वह क्या करना चाहता है, वह अपने खेल के बारे में बहुत सोचता है।”

अर्शदीप सिंह को वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 अगस्त को खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए भी भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।

 

close whatsapp