पीसीबी ने एक बार फिर से बिस्माह मारूफ को बनाया महिला टीम का कप्तान
बिस्माह मारूफ अगले एक साल तक टीम की कप्तान बनी रहेंगी।
अद्यतन - मई 12, 2022 10:37 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 12 मई (गुरुवार) को 2022-23 चक्र के लिए वरिष्ठ खिलाड़ी बिस्माह मारूफ को फिर से महिला टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इसी साल न्यूजीलैंड में खेले गए महिला विश्व कप के दौरान पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशानजक रहा और वहां वो अपने सात लीग मैचों में से केवल एक ही में जीत दर्ज कर सकी और लीग चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
हालांकि पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर इस सीनियर खिलाड़ी पर भरोसा जताया है। बता दें कि 2016 में मारूफ को पाकिस्तान का कप्तान बनाया गया था। 30 वर्षीय ने 115 एकदिवसीय मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है और 28.50 की औसत से कुल 2793 रन बनाए हैं। वहीं गेंद के साथ उन्होंने 44 विकेट झटके हैं। T20I में, बिस्माह ने 108 मैच खेले हैं जहां उन्होंने 2225 रन बनाए हैं और साथ ही में 36 विकेट भी लिए हैं।
हम लोग आने वाली मुश्किलों के लिए तैयार हैं: बिस्माह मारूफ
क्रिकबज के हवाले से बिस्माह मारूफ ने कहा कि, “किसी भी क्रिकेटर के लिए देश की कप्तानी करना वास्तव में सम्मान की बात है। मेरे लिए इस भूमिका को जारी रखना सौभाग्य की बात है। 2022-23 का क्रिकेट सीजन पाकिस्तान महिला टीम के लिए सबसे व्यस्त है। हम इसके लिए चुनौतियों का सामना करने के लिए उत्साहित और तैयार हैं।”
एक समय था जब मैं क्रिकेट छोड़ना चाह रही थी लेकिन पीसीबी ने ऐसा नहीं होने दिया, उन्होंने मातृत्व नीति की शुरुआत की और मुझे एक और मौका दिया। इसकी वजह से कई महिलाओं ने क्रिकेट के अपने जुनून को बरकरार रखा। मैं अपने परिवार और खासतौर पर अपने पति का धन्यवाद देना चाहूंगी।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का यह साल काफी व्यस्त रहने वाला है। उनको अभी महिला टी-20 एशिया कप और आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। इसी के साथ पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम कराची में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के साथ एक सीरीज के आयोजन पर विचार कर रही हैं जहां तीन टी-20 मुकाबले और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।