IND vs BAN: गेंदबाजी और बल्लेबाजी एक ही मैच में दो अलग-अलग स्पोर्ट्स हैं: रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 133 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 113 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी।
अद्यतन - Sep 21, 2024 2:46 pm

भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच चेन्नई में इस वक्त खेला जा रहा है। मुकाबले की पहली पारी में भारतीय टीम की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 133 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 113 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी। यही नहीं रविचंद्रन अश्विन ने रवींद्र जडेजा के साथ सातवें विकेट के लिए 199 रनों की शानदार साझेदारी की थी, जिसकी वजह से मेजबान टीम ने मैच में वापसी की थी।
रविचंद्रन अश्विन पहली पारी में गेंदबाजी से अपनी छाप नहीं छोड़ पाए और वो एक विकेट भी अपने नाम नहीं कर पाए। बता दें कि अश्विन अनिल कुंबले के बाद भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने इस बात पर हामी भरी है कि एक ही मैच में गेंदबाजी और बल्लेबाजी काफी अलग-अलग खेल है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि, ‘एक ही खेल में गेंदबाजी और बल्लेबाजी अलग-अलग स्पोर्ट्स हैं। एक चीज को लगातार करते रहना चाहिए, जबकि दूसरी चीज लगातार हो ऐसा होना मुमकिन नहीं है। इस समय मैं इन दोनों को ही अलग-अलग तरीके से देखता हूं और इसीलिए जब मैं बल्लेबाजी करने के लिए उतरा था तो मेरे दिमाग में सिर्फ यही चल रहा था कि खेल को अपने पक्ष में लाना है।’
इस समय मैं सिर्फ अपने खेल का लुफ्त उठाना चाहता हूं: रविचंद्रन अश्विन
अनुभवी खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘आलोचकों को मैं अपने प्रदर्शन से जवाब देकर खुद को खुश रखता हूं। इस समय मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं अपने खेल का लुफ्त उठा सकूं। मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि अपने खेल को खुश होकर खेलूं और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दूं।’
अभी तक इस पहले टेस्ट में भारतीय टीम काफी अच्छी स्थिति में है और वो इस मैच को अपने नाम जरुर करना चाहेगी। अपनी पहली पारी में बांग्लादेश टीम 149 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 376 रन बनाए थे। मेजबान दूसरी पारी में भी इस समय काफी अच्छी स्थिति में है।