आने वाले समय में सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बना लेंगे और… : ब्रैंडन मैकुलम ने क्रिकेट के भविष्य को लेकर दी बड़ी चेतावनी
ब्रैंडन मैकुलम का मानना है कि अब यह खेल उस जगह पर पहुंच गया है जहां कई खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीम से दूरी बना लेंगे और सिर्फ फ्रेंचाइजी टी-20 लीग क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे।
अद्यतन - May 13, 2023 4:58 pm

पिछले काफी समय से ऐसा देखा जा रहा है कि टी-20 फ्रेंचाइजी लीग्स बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। पिछले कुछ समय से ऐसा भी देखा जा रहा है कि खिलाड़ी अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीम के केंद्रीय अनुबंध से दूरी बना रहे हैं और फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर ब्रैंडन मैकुलम का मानना है कि अब यह खेल उस जगह पर पहुंच गया है जहां कई खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीम से दूरी बना लेंगे और सिर्फ फ्रेंचाइजी टी-20 लीग क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि इन सब लीग्स में काफी पैसा है। भारत में इंडियन प्रीमियर लीग खेला जाता है, ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग, पाकिस्तान में पाकिस्तान सुपर लीग और बांग्लादेश में बांग्लादेश प्रीमियर लीग।
SEN रेडियो से बात करते हुए ब्रैंडन मैकुलम ने कहा कि, ‘खेल अब दूसरी ओर जा रहा है और खिलाड़ी अब राष्ट्रीय टीम की ओर से लंबा कॉन्ट्रैक्ट नहीं लेना चाहते। वो सिर्फ यही चाहते हैं कि उन्हें राष्ट्रीय टीम की ओर से ज्यादा मेहनत ना करनी पड़े और टी-20 लीग में खेलने को भी मिले क्योंकि वहां पर कम मेहनत करनी पड़ती है। आखिर में खेल किसी और ही दिशा में जा रहा है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘पिछले कुछ सालों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम की ओर से लंबे कॉन्ट्रैक्ट से दूर जाते हुए देखा गया है और टी-20 लीग्स में उनका प्यार बढ़ते हुए भी देखा गया है। खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ध्यान देना चाहिए।’
ब्रैंडन मैकुलम ने क्रिकेट बोर्ड को दी बड़ी सलाह
ब्रैंडन मैकुलम ने सभी क्रिकेट बोर्ड को सलाह देते हुए कहा कि, ‘आपको सबसे पहले खिलाड़ियों से बातचीत करनी चाहिए और उनको इन लीग्स के बारे में बताना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी आपको अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की बेहद जरूरत होती है और अगर खिलाड़ी टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते हैं तो उन्हें फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट से भी दूर कर देना चाहिए। ऐसा इसलिए भी क्योंकि एक दर्शक के रूप में आप भी चाहते हैं कि टीम में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे।’
ब्रैंडन मैकुलम इस समय इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच हैं। उनकी कोचिंग में इंग्लैंड टेस्ट टीम ने अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में भी तमाम फैंस उनसे इसी तरह की उम्मीद रखेंगे।