‘हमेशा 160 KMPH की रफ़्तार से गेंदबाजी करने को न देखें’- अर्शदीप को ब्रेट ली की सलाह
अर्शदीप ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट निकाले थे।
अद्यतन - नवम्बर 28, 2022 12:26 अपराह्न

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने इंटरनेशनल डेब्यू से लेकर अब तक कमाल का प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। अभी हाल में ही खत्म हुए टी-20 विश्व कप 2022 में उन्होंने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट भी लिए थे।
वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने अर्शदीप सिंह को लेकर अहम बयान देते हुए कहा है कि उन्हें अपनी पेस के अलावा लाइन और लेंथ पर भी ध्यान देना चाहिए।
बता दें कि 23 साल के अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए टी-20 में शानदार प्रदर्शन किया है। वह जसप्रीत बुमराह की कमी टीम को बिल्कुल भी नहीं खलने देते हैं। साथ ही उनकी टी-20 गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं हैं। वह अब तक भारत के लिए खेले गए 21 टी-20 मुकाबले में 33 विकेट निकाल चुके हैं।
ली ने अर्शदीप सिंह को दी ये अहम सलाह
बता दें कि ब्रेट ली ने अपने यूट्यूब चैनल पर अर्शदीप सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। ब्रेट ली ने कहा हम अक्सर तेज गेंदबाजों के बारे में सुनते हैं जो बहुत तेज गेंदबाजी करने की कोशिश करते हैं। हर बार 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने को लेकर जुनूनी न बनें। एक तरफ मैं ये भी कहूंगा कि तेज गेंदबाजी करें लेकिन सही लाइन और लेंथ के साथ।
ली ने आगे कहा हम गेंदबाजों के बारे में बहुत तेज गेंदबाजी करने को लेकर बात कर रहे हैं और इस कारण वे अपनी लय, सीम और ताकत खो देते हैं। आप इस बात को सुनिश्चित करें कि तेज गति के साथ आप सही तरीके से काम कर रहे हैं।
यह अभ्यास और लाइन व लेंथ गेंदबाजी के करने से आएगा। क्या आप तेज गेंदबाजी कर सकने के अलावा अच्छी लाइन और लेंथ रख सकते हैं? बेशक, लेकिन हर गेंद को 160 पर फेंकने की कोशिश न करें।
अर्शदीप के लिए यही सबसे अच्छा तरीका होगा। हर बार सभी गेंदें धीमी मत फेंकिए। अपनी गति को नियंत्रित करने पर काम करें और कभी-कभी गति 5 KMPH कम भी हो जाए तो कोई बात नहीं बस आप लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करें। मेरी आपको यही सलाह है।