IPL 2027 से पहले रोहित शर्मा की कप्तानी पर बड़ा अपडेट? MI के पोस्ट ने फैंस के बीच हलचल की तेज
मुंबई इंडियंस की रहस्यमयी पोस्ट ने रोहित शर्मा की वापसी की चर्चाएं तेज कर दी हैं
अद्यतन - नवम्बर 25, 2026 9:45 अपराह्न

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 25 नवंबर बुधवार शाम फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर की, जिसके बाद रोहित शर्मा के फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में एक एनिमेटेड हाथ मुंबई इंडियंस की कैप पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। फैंस इसे रोहित शर्मा के पुराने जश्न से जोड़कर देख रहे हैं।
https://t.co/XuBsxopPnb
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 25, 2026
दरअसल, रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। टीम ने अपने सभी पांच खिताब रोहित के नेतृत्व में ही हासिल किए थे। हालांकि, आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक पांड्या की वापसी के बाद रोहित को कप्तानी से हटा दिया गया था।
अब हार्दिक के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद, मुंबई इंडियंस के कप्तान का पद एक बार फिर खाली हो गया है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि रोहित शर्मा दोबारा टीम की कमान संभाल सकते हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी तक नए कप्तान के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए बड़े ट्रेड में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी मुंबई की टीम में शामिल हुए हैं। वह अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं। वहीं, हार्दिक पांड्या 18 करोड़ रुपये की संशोधित फीस के साथ पंजाब किंग्स में चले गए हैं।
16 खिलाड़ियों को किया रिटेन
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन से पहले कुल 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और मिचेल सैंटनर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों में क्विंटन डिकॉक, रयान रिकेल्टन, विल जैक्स, शेरफेन रदरफोर्ड और कॉर्बिन बॉश को टीम में बरकरार रखा गया है।
मुंबई इंडियंस को अपनी टीम पूरी करने के लिए ऑक्शन में 9 खिलाड़ियों की जगह भरनी है। इसके लिए फ्रेंचाइजी के पास 32.60 करोड़ रुपये का पर्स बचा हुआ है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई इंडियंस किस खिलाड़ी पर बड़ा दांव लगाती है और रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी मिलती है या नहीं।
ये भी पढ़ें – क्राइस्टचर्च में कैसा है भारत का टेस्ट रिकॉर्ड? जानें अब तक के सभी मैचों का लेखा-जोखा