IND vs AUS: स्वेटर की वजह से 0 पर आउट हो गए उस्मान ख्वाजा, जस्टिन लैंगर का बेतुका बयान
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में उस्मान ख्वाजा मोहम्मद सिराज के हाथों डक पर पवेलियन लौटे थे।
अद्यतन - जून 9, 2023 2:00 अपराह्न

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार शुरूआत की थी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर भारत ने मात्र 76 रनों के स्कोर पर तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। जिसके बाद ट्रैविस हेड और स्टीव स्मिथ ने पारी को संभालते हुए शानदार खेल दिखाया। ट्रैविस हेड के (163 रन) और स्टीव स्मिथ के (121 रन) के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बोर्ड पर लगाए।
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर उस्मान ख्वाजा को मोहम्मद सिराज के शानदार गेंदबाजी के चलते डक पर पवेलियन लौटना पड़ा। इसी बीच क्रिकेट कमेंटटेटर जस्टिन लैंगर ने उस्मान ख्वाजा के विकेट को लेकर बड़ा बयान दिया। जस्टिन लैंगर का मानना है कि उस्मान ख्वाजा ने अपना विकेट अपने स्वेटर के कारण गंवाया है।
इस कारण डक पर पवेलियन लौटे उस्मान ख्वाजा
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका चौथे ही ओवर में लगा था। चौथे ओवर की चौथी गेंद पर उस्मान ख्वाजा शॉर्ट मारने का प्रयास करना चाहते थे लेकिन गेंद सीधा कीपर केएस भरत के हाथों में चली गई।
उस्मान ख्वाजा के विकेट को लेकर कमेंटटेटर जस्टिन लैंगर ने कमेंट्री करते हुए कहा, ‘वह लंबे बाजू वाला स्वेटर पहनकर आए। मुझे लगा, अगर मेरे पास लंबे बाजू का स्वेटर है तो खासकर आपको तेज होना चाहिए। मुझे सही नहीं लगा, आज वह लंबे बाजू वाला स्वेटर पहनकर बाहर आए। ख्वाजा खेल के पहले ही घंटे में आउट होकर निराश जरूर होंगे।’
भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने किया निराश
बल्ले से शानदार खेल दिखाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने गेंद से भी शानदार खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेजने का काम किया। रोहित शर्मा (15 रन), शुभमन गिल (13 रन), विराट कोहली (14 रन) और चेतेश्वर पुजारा (14 रन) पर विकेट गंवा बैठे।
जिसके बाद अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा के बीच पांचवे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। रवींद्र जडेजा 51 गेंदो में 48 रन बनाकार पवेलियन लौट गए। दूसरे दिन के अंत तक भारत 151 रनों पर 5 विकेट गंवा चुका है। टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया से 318 रन पीछे चल रही है। अजिंक्य रहाणे (29 रन) और केएस भरत (5 रन) पर क्रीज पर मौजूद है।