अब तो दिनेश कार्तिक भी संघर्षरत विराट कोहली के बचाव में उतरे हैं
दिनेश कार्तिक ने भारत की बेंच स्ट्रेंथ की सराहना की।
अद्यतन - Jul 19, 2022 5:43 pm

अनुभवी भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली जल्द अपने फॉर्म में लौट आएंगे। आरसीबी (RCB) के बल्लेबाज ने यह भी कहा कि विराट कोहली जैसे दिग्गज क्रिकेटर को हल्के में नहीं लेना चाहिए, जिन्होंने इतने लंबे समय तक मैदान पर राज किया है।
आपको बता दें, विराट कोहली काफी लंबे समय से बल्ले के साथ संघर्ष कर रहे हैं, और नवंबर 2019 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगाया है। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान को अपने फॉर्म में वापस आने के लिए दुनिया भर के कई पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों का समर्थन मिला है।
दिनेश कार्तिक उतरे विराट कोहली के समर्थन में
इस बीच, विराट कोहली को आगामी वेस्टइंडीज दौरे के लिए आराम दिया गया है, और दिनेश कार्तिक का मानना है कि इस दौरान 33-वर्षीय बल्लेबाज को खुद पर मंथन करने के लिए काफी समय मिल जाएगा और वह पूरी तरह से तरोताजा होकर भारतीय टीम में वापसी करेंगे।
दिनेश कार्तिक ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया: “विराट कोहली ने अब तक अपार सफलता का आनंद लिया है। अब उन्हें एक अच्छा ब्रेक मिलेगा और वह पूरी तरह से रिचार्ज होकर वापस लौटेंगे। मुझे उम्मीद है कि विराट वापसी के बाद शानदार प्रदर्शन करेगा। आप उनके जैसे कैलिबर वाले खिलाड़ी को कभी भी दरकिनार नहीं कर सकते, और उनके जैसे दिग्गज बल्लेबाज को हल्के में नहीं लिया जा सकता है।”
टीम इंडिया में अपनी वापसी को लेकर कार्तिक ने कहा: “यह कभी आसान नहीं होता, लेकिन मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। इस समय हमारे पास जो बेंच स्ट्रेंथ है, उसे देखते हुए टीम में जगह पाना या बनाए रखना हमेशा मुश्किल होता है। यही भारतीय क्रिकेट की खूबसूरती है। फिलहाल हम आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान आने वाली चुनौतियों के लिए तैयारी कर रहे हैं। हमारे मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए सभी को एक-साथ लेकर चल रहे है, और टीम का माहौल बहुत ही सकारात्मक है।”