तमाम आलोचकों को पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने अपनी तरीके से दिया जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

तमाम आलोचकों को पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने अपनी तरीके से दिया जवाब

'इस समय की जो टीम है वह अपने हिसाब से खेलती हैं और मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई गलत बात है क्योंकि पिछले 12 महीनों में हमारा सफल रेट 80% रहा है': रमीज राजा

Ramiz Raja (Image Source: PCB Twitter)
Ramiz Raja (Image Source: PCB Twitter)

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच हाल ही में 7 मुकाबलों की टी-20 सीरीज समाप्त हुई जिसमें पाकिस्तान को 4-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद तमाम पूर्व क्रिकेटर जैसे शोएब अख्तर और कामरान अकमल ने टीम के मिडल ऑर्डर को लेकर सवाल उठाए हैं। 3-2 से बढ़त मिलने के बावजूद पाकिस्तान आखिरी के दोनों मुकाबले हार गई। टीम को अब न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेलनी है उसके बाद ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप भी।

त्रिकोणीय सीरीज और इस मुख्य टूर्नामेंट में टीम बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेगी। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज की बात की जाए तो कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के अलावा कोई भी और बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। इन दोनों ने टीम के लिए अधिकतर रन बनाए। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि गेंदबाजी भी टीम की मुख्य समस्या है। इसी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा ने अपना बयान सामने रखा है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें रमीज राजा कह रहे हैं कि, ‘यह कहना बहुत ही आसान है कि आप बटन दबाइए और ऑस्ट्रेलिया जैसा आक्रमक खेल खेलना शुरू कर दें। इस समय की जो टीम है वह अपने हिसाब से खेलती हैं और मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई गलत बात है क्योंकि पिछले 12 महीनों में हमारा सफल रेट 80% रहा है। यह टीम प्रभावित नहीं होती है और अपनी योजना के तहत खेलती है जिसकी वजह से हम मुकाबले जीतते हैं।’

सच बताऊं तो हम पाकिस्तान क्रिकेट को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं: रमीज राजा

रमीज राजा ने आगे कहा कि, ‘यह काफी शानदार सीरीज थी। एक या दो मुकाबलों के अलावा सभी मुकाबले आखिरी ओवर और आखिरी मिनट तक गए। टीम में कुछ कमियां हैं जिनको ठीक करना बेहद जरूरी है इसके अलावा सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इस सीरीज में हमें अपनी बेंच स्ट्रेंथ के बारे में भी पता चला।’

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इस समय मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। एशिया कप 2022 में भी टीम के लिए यही चिंता का विषय था और इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज में भी यही देखने को मिला।

रमीज राजा ने आगे कहा कि, ‘हम अपने प्रशंसको को बताना चाहेंगे कि हम पाकिस्तान क्रिकेट को फिर से शुरू करना चाह रहे हैं। हमारी टीम ने काफी बार अच्छा प्रदर्शन किया है और कभी हार नहीं मानी है। युवा खिलाड़ियों को हम ज्यादा से ज्यादा मौका देना चाह रहे हैं।’

close whatsapp