बांग्लादेश के खिलाफ ODI में कोहली का औसत 75.83… जानें कैसा है रोहित, जडेजा और हार्दिक का प्रदर्शन?
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है।
अद्यतन - Feb 19, 2025 11:49 am

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेलेगी। टीम ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से शानदार जीत हासिल की थी। रोहित शर्मा एंड कंपनी चैंपियंस ट्रॉफी में भी वही लय बरकरार रखना चाहेगी। टूर्नामेंट में भारत के पहले मुकाबले से पहले आइए आपको बताते हैं कि स्टार प्लेयर्स का बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में प्रदर्शन कैसा रहा है-
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में विराट कोहली का प्रदर्शन-
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली चौथी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। वह इससे पहले 2009, 2013 और 2017 एडिशन में खेल चुके हैं। विराट ने बांग्लादेश के खिलाफ अब तक 16 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 75.83 की औसत, 101.79 की स्ट्राइक रेट से 910 रन बनाए हैं। उन्होंने 5 शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। कोहली बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में रोहित शर्मा का प्रदर्शन-
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 17 वनडे मैचों में 56.14 के औसत, 97.28 की स्ट्राइक रेट से 786 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। हिटमैन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन-
रवींद्र जडेजा ने बांग्लादेश के खिलाफ 13 मैचों की 6 पारियों में 27 की औसत, 86.40 की स्ट्राइक रेट से 108 रन बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 32 है। जबकि 13 पारियों में 34.35 की औसत, 4.45 की इकॉनमी से 14 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 29 रन देकर 4 विकेट रहा है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन-
हार्दिक पांड्या गेंद और बल्ले दोनों से ही प्रभावशाली खिलाड़ी हैं। बांग्लादेश के खिलाफ वह अच्छा प्रदर्शन करते हुए नजर आ सकते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में उनके आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने तीन मैचों में 34 की औसत, 7.03 की इकॉनमी से 3 विकेट लिए हैं। वहीं, उन्होंने अब तक सिर्फ एक ही पारी में बैटिंग की है, जिसमें वह कोई रन नहीं बना पाए हैं।