CT 2025, IND vs PAK: कोहली के ऐतिहासिक शतक के दम पर भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, सेमीफाइनल में जगह की पक्की!
भारत ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में किया कमाल का प्रदर्शन
अद्यतन - Feb 23, 2025 10:30 pm

ICC Champions Trophy, 2025: भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच जारी चैंपियंस ट्राॅफी का 5वां मैच आज 23 फरवरी, रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
बता दें कि जब भारतीय टीम पाकिस्तान से मिले 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उस समय टीम इंडिया को जीत के लिए 2 रन और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को शतक पूरा करने के लिए 4 रनों की जरूरत थी। इस दौरान कोहली ने खुशदिल शाह द्वारा फेंकी गई 43वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर ना सिर्फ अपना शतक पूरा किया, बल्कि टीम इंडिया को मैच भी जिता दिया।
भारत बनाम पाकिस्तान 5वां चैंपियंस ट्राॅफी मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो पाकिस्तान ने टाॅस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम 49.4 ओवरों में 241 रनों के कुल स्कोर पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (10) और बाबर आजम (23) ने पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की, लेकिन 9वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने बाबर को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया।
इसके अगले ओवर में अक्षर पटेल ने शानदार फील्डिंग के जरिए इमाम को रन-आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए सऊद शकील (62) और मोहम्मद रिजवान (46) के बीच 104 रनों की साझेदारी हुई, जिसकी वजह से पाकिस्तानी टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
दूसरी ओर, भारतीय टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो कुलदीप यादव को 3 विकेट मिले। इसके अलावा हार्दिक पांड्या को 2 और हर्षित राणा, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब भारतीय टीम पाकिस्तान से मिले 242 रनों के पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 42.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम इंडिया के लिए विराट कोहली ने 100* रनों की शानदार पारी खेली।
यह कोहली का वनडे करियर का कुल 51वां शतक है। साथ ही शुभमन गिल ने 46 और श्रेयस अय्यर ने भी 56 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। पाकिस्तान की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो शाहीन अफरीदी को 2 और अबरार अहमद व खुशदिल शाह को 1-1 विकेट मिला। इस हार के बाद लगभग पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
Virat Kohli seals the victory in style, reaching his century along the way.
📸: JioHotstar pic.twitter.com/CRepcM3kXv
— CricTracker (@Cricketracker) February 23, 2025