“चेपॉक सुपर किंग्स हैं”- KKR के खिलाफ मैच जीतने के बाद CSK को लेकर बोले आकाश चोपड़ा
CSK ने कल KKR को 7 विकेट से मात दी।
अद्यतन - अप्रैल 9, 2024 11:03 पूर्वाह्न

भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने IPL 2024 में घरेलू मैदान पर जीत का सिलसिला जारी रखने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जमकर तरफ की है। आपको बता दें कि, कल कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए चेन्नई के गेंदबाजों ने कोलकाता को 137/9 पर रोक दिया।
इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ और कंपनी ने सात विकेट और 14 गेंद शेष रहते लक्ष्य को आसानी से हासिल किया। बता दें कि, चेन्नई ने इस सीजन अपने घर पर तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों ही मुकाबलों में उन्हें जीत मिली है। इसी बीच अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स अपने घर पर शेर है, उन्हें वहां हराना आसान नहीं है।
आकाश चोपड़ा ने जमकर की चेन्नई सुपर किंग्स की तारीफ
चोपड़ा ने कहा कि, “चेन्नई सुपर किंग्स चेपॉक सुपर किंग्स हैं। वे चैंपियन सुपर किंग्स हैं। वे एक ऐसी टीम हैं जो घर पर नहीं हारती हैं। कोई भी उन्हें घर पर हरा नहीं पाया है। कोई भी उनके गढ़ को तोड़ने में सक्षम नहीं है। KKR इस मैच में काफी तैयारी के साथ आया था, लेकिन उनके लिए कुछ भी काम नहीं आया – न तो बल्लेबाजी और न ही गेंदबाजी।”
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने स्वीकार किया कि वह थोड़ा चिंतित थे क्योंकि दीपक चाहर और मथीशा पथिराना CSK की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने कहा कि, “दीपक चाहर वहां नहीं थे और मैं आश्चर्यचकित था। पथिराना वहां नहीं थे और मैंने कहा कि, गेंदबाजी अचानक बहुत कमजोर हो गई थी। आपने निश्चित रूप से लॉर्ड (शार्दुल) ठाकुर को खिलाया, लेकिन विरोधी टीम बाजीगर थी। इसलिए मैं थोड़ा चिंतित था और चिंतित हूं।”
आपको बता दें कि, चाहर को चोट लगने के कारण सोमवार के मैच से बाहर कर दिया गया। पथिराना, जो सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ CSK के पिछले मैच में भी नहीं खेल पाए थे, वो अभी भी अपनी चोट से उबर नहीं पाए हैं।