NZ vs ENG: टिम साउदी को इंग्लिश खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ खास अंदाज में दी विदाई
यह न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी का अंतिम अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला है।
अद्यतन - दिसम्बर 14, 2024 5:57 अपराह्न

आज यानी 14 दिसंबर से न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच की शुरुआत हैमिल्टन के Seddon Park में हुई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट खोकर 315 रन बनाए हैं। फिलहाल मिचेल सैंटनर 50* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
आपको बता दें कि, यह न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी का अंतिम अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला है। टिम साउदी का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हमेशा ही जबरदस्त रहा है और उनकी फैन फॉलोइंग भी पूरी दुनिया में काफी ज्यादा है। टिम साउदी के फेयरवेल मैच में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने उन्हें शानदार तोहफा दिया।
जैसे ही टिम साउदी बल्लेबाजी करने उतरे वैसे ही इंग्लिश खिलाड़ियों ने उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया। टिम साउदी भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों के इस जेस्चर से काफी खुश नजर आए।
पहले दिन का खेल रहा मेजबान के नाम
तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मेजबान की ओर से कप्तान टॉम लाथम ने 63 रन बनाए, जबकि विल यंग ने 42 रनों का योगदान दिया। अनुभवी बल्लेबाज ने 9 चौकों की मदद से 44 रन बनाए। रचिन रवींद्र ने 18 रनों की पारी, खेली जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल 21 रन बनाकर आउट हो गए।
टिम साउदी की बात की जाए तो उन्होंने अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच की पहली पारी में 10 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 23 रनों की तूफानी पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से अभी तक मैथ्यू पॉट्स और गस एटकिंसन ने तीन-तीन विकेट झटके।
खेल का दूसरा दिन दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है। फिलहाल तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड 2-0 से आगे है। इस तीसरे टेस्ट मैच को मेजबान न्यूजीलैंड अपने नाम जरूर करना चाहेंगे। वो यह मैच जीतकर टिम साउदी को विशेष तोहफा देना चाहेंगे।