'रात भर सो नहीं सका' - मोहम्मद सिराज ने अपने टेस्ट डेब्यू को याद करते हुए दिया बड़ा बयान  - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘रात भर सो नहीं सका’ – मोहम्मद सिराज ने अपने टेस्ट डेब्यू को याद करते हुए दिया बड़ा बयान 

मेरे हिसाब से टेस्ट क्रिकेट बेस्ट फाॅर्मेट है पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट खेलने के लिए- सिराज 

Mohammed Siraj. (Photo by Nigel French/PA Images via Getty Images)
Mohammed Siraj. (Photo by Nigel French/PA Images via Getty Images)

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की गिनती इन दिनों दुनिया के कुछ शानदार तेज गेंदबाजों में शुमार होने लगी है। बता दें कि 29 साल के सिराज इस समय भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य तेज गेंदबाजों में से एक हैं, जिनके सामने बल्लेबाजी करने में विश्व के बढ़िया से बढ़िया बल्लेबाज सोच में पड़ जाता है।

लेकिन आपको बता दें कि सिराज शुरू से ही ऐसे नहीं थे, उन्होंने इस साल ही वनडे क्रिकेट में नंबर एक गेंदबाज की कुर्सी को हासिल किया, तो उसके पहले वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कुछ शानदार प्रदर्शन कर चुके थे।

गौरतलब है कि टेस्ट क्रिकेट खेलने के बाद ही सिराज के प्रदर्शन में इतना बदलाव आया। तो वहीं अपने टेस्ट डेब्यू को लेकर मोहम्मद सिराज ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जब मुझे पता चला था कि मैं टेस्ट डेब्यू कर रहा हूं तो रात भर सो नहीं सका था।

सिराज ने दिया बड़ा बयान

बता दें कि यूट्यूब पर ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस शो पर गौरव कपूर को मोहम्मद सिराज ने बताया- शुभमन गिल और मैंने बॉक्सिंग डे टेस्ट में डेब्यू किया था। मुझे एक दिन पहले कहा गया था कि मैं खेल रहा हूं, और मैं उस पूरी रात नहीं सो पाया था। टेस्ट मैच की अलग वैल्यू होती है। मेरे हिसाब से क्रिकेट में टेस्ट मैच सबसे अच्छा फॉर्मेट है क्योंकि इससे अनुशासन और पेशेवरता लाने में मदद मिलती है।

सिराज ने आगे कहा- मेरा डेब्यू शानदार था इसलिए पापा हमेशा कहते थे कि मुझे टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए। टेस्ट मैच खेलना शानदार बात है। अगर पापा आज यहां होते तो उन्हें मुझपर बहुत गर्व होता। मुझपर उनका आशीर्वाद है।

गौरतलब है कि मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 26 दिसंबर, 2022 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में टेस्ट डेब्यू किया था। और तब से लेकर अब तक वह 18 टेस्ट मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 47 विकेट निकाले हैं।

close whatsapp