वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने सुनाई राहत की खबर - क्रिकट्रैकर हिंदी

वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने सुनाई राहत की खबर

कई पूर्व क्रिकेटरों ने हाल ही में वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंताएं जाहिर की है।

Geoff Allardice (Image Source: Getty Images)
Geoff Allardice (Image Source: Getty Images)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंताओं का खंडन करते हुए कहा कि 2023-27 के चक्र में पर्याप्त संख्या में 50-ओवरों के मैच खेले जाएंगे।

आईसीसी (ICC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्योफ एलार्डिस ने खुलासा किया है कि बोर्ड ने हाल ही बर्मिंघम में आयोजित वार्षिक आम बैठक में 2023-27 सत्र के लिए फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) को अंतिम रूप दे दिया है।

आपको बता दें, कई पूर्व क्रिकेटरों ने हाल ही में वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंताएं जाहिर की, और खेल के इस प्रारूप को बोर बताते हुए इसमें बदलाव की मांग की। पिछले कुछ वर्षों में वनडे मैचों की संख्या में काफी गिरावट आई है, और हाल ही में, दक्षिण अफ्रीका ने अपनी घरेलू टी-20 लीग को वरीयता देते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी वनडे सीरीज रद्द कर दी, जो अगले साल खेली जानी थी।

वनडे क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित है: ज्योफ एलार्डिस

घरेलू फ्रेंचाइजी टी-20 लीगों ने पहले ही क्रिकेट कैलेंडर में काफी जगह घेर रखी है, वहीं T20I क्रिकेट के भविष्य को कोई खतरा नहीं है, क्योंकि इस प्रारूप की ओर दर्शक खींचे चले आते हैं, और साथ ये काफी पैसा लाता रहता है, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) की शुरुआत के बाद टेस्ट क्रिकेट को लेकर फैंस की दिलचस्पी जाग उठी है, इसलिए अब वनडे क्रिकेट में भी बड़े बदलाव की आवश्यकता है, अगर इस प्रारूप को बचाए रखना है।

आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने एक बयान में कहा: “मुझे लगता है कि इस समय क्रिकेट बिरादरी के बीच काफी चर्चा चल रही है, लेकिन खासकर वनडे क्रिकेट के बारे में नहीं, बल्कि कैलेंडर में विभिन्न प्रारूपों के समायोजन के बारे में। सभी क्रिकेट खेलने वाले देश अपने एफटीपी में अभी भी काफी मात्रा में वनडे मैच रख रहे हैं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि आप FTP में हमारी योजना के अनुसार वनडे मैचों की संख्या या वनडे मैचों के अनुपात में बहुत अधिक परिवर्तन देखेंगे। मुझे फिलहाल वनडे क्रिकेट के भविष्य पर कोई खतरा मंडराते नजर नहीं आ रहा है।”

 

close whatsapp