'सुबह में फ्लाइट थी और रात को मुझे टीम से बाहर किया गया'- CSK के गेंदबाज सिमरजीत सिंह ने सुनाई आपबीती - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘सुबह में फ्लाइट थी और रात को मुझे टीम से बाहर किया गया’- CSK के गेंदबाज सिमरजीत सिंह ने सुनाई आपबीती

सिमरजीत सिंह ने आईपीएल 2022 में अब तक 3 मैचों में 2 विकेट लिए हैं।

Simarjeet Singh (Photo Source: Twitter)
Simarjeet Singh (Photo Source: Twitter)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह ने अपने क्रिकेट जर्नी के उस एक घटना को याद किया जब उन्हें एशिया कप 2019 संस्करण से पहले भारत U19 टीम से बाहर कर दिया गया था। 24 वर्षीय खिलाड़ी इस बहु-राष्ट्र टूर्नामेंट में खेलने के लिए  काफी उत्साहित थे। हालांकि टूर्नामेंट के लिए रवाना होने से एक दिन पहले उन्हें बताया गया कि उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था क्योंकि उन्होंने चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में भाग लिया था।

दिल्ली के इस गेंदबाज ने बताया कि अचानक टीम से बाहर होने के बाद वो काफी निराश थे और उस वक्त उनके माता-पिता ने उन्हें प्रोत्साहित और प्रेरित किया और उनके मनोबल को ऊंचा रखा। ये सभी बातें सिमरजीत ने सीएसके के साथ दिए गए एक इंटरव्यू में कही।

अजीबोगरीब नियम के वजह से सिमरजीत सिंह को U19 एशिया कप से किया गया था बाहर

सीएसके के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अपलोड किये गए एक वीडियो में सिमरजीत ने कहा कि, “मुझे एशिया कप के लिए इंडिया अंडर-19 में सिलेक्ट किया गया था। हमें एशिया कम के लिए जाना था। लेकिन एक दिन पहले ही मुझे कॉल आया कि आप एशिया कप नहीं जा सकते क्योंकि नियम था कि पिछले अंडर-19 एशिया कप में खेलने वाले खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया जा सकता। मैं पिछली बार टीम में था।”

उन्होंने आगे कहा कि, “मुझे सुबह 7-8 बजे फ्लाइट पकड़नी थी। लेकिन, उससे पहले रात 11 बजे कॉल आता है कि आप अब टीम में नहीं हो। मैं उससे थोड़ा निराश हुआ। लेकिन, मम्मी-पापा ने मुझे समझाया और शांत कराया। उन्होंने कहा कि अच्छा बात है कि पहले साल ही आप इंडिया अंडर-19 में चुने गए थे।”

यहां देखिए सिमरजीत का वो वीडियो

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Chennai Super Kings (@chennaiipl)

सिंह ने अपने करियर में एक लंबा सफर तय किया है, उन्होंने 2018 में पदार्पण के बाद अपने करियर में 11 प्रथम श्रेणी, 23 लिस्ट ए और इतने ही टी-20 खेले हैं। चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) द्वारा उन्हें चुने जाने के बाद तेज गेंदबाज को CSK के लिए खेलने का मौका मिला। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2022 संस्करण के लिए चेन्नई ने उन्हें उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में चुना था।

close whatsapp