IPL 2023: ‘वह जल्द ही भारत के लिए करेंगे डेब्यू’- साई सुदर्शन की शानदार पारी के बाद हार्दिक पांड्या का बयान
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ साई सुदर्शन ने 48 गेंदो में 62 रनों की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 5, 2023 2:23 अपराह्न

आईपीएल के 16वें सीजन में 4 अप्रैल का महामुकाबला गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को झटके जल्दी लगे, जब पावरप्ले के अंदर ही टीम के ओपनिंग बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए थे।
लेकिन फिर युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन की ताबड़तोड़ पारी के बल पर गुजरात ने 6 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान हार्दिक पांड्या भी साई सुदर्शन के इस प्रदर्शन से गदगद नजर आ रहे हैं। मैच के बाद हार्दिक पांड्या साई सुदर्शन की तारीफ करते हुए उनको भारत का अगला सुपरस्टार बताया है।
वह विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहा है- हार्दिक पांड्या
भारतीय युवा खिलाड़ी साई सुदर्शन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 48 गेंदो पर 4 चौके और दो छक्को की मदद से 62 रनों की नाबाद पारी खेली। आईपीएल के पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए मिले मौकौं पर सांई अच्छा प्रदर्शन करते हुए नजर आए थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ साई सुदर्शन की शानदार पारी की तारीफ करते हुए हार्दिक पांड्या ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन सेरेमनी में कहा, ‘वह विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहा है।’
हार्दिक पांड्या ने आगे कहा, ‘सारा क्रेडिट सपोर्ट स्टॉफ और उसे जाता है। जिस तरह की बैटिंग उसने पिछले 15 दिनों में की है उसका सारा नतीजा आज आप सब देख पा रहे हैं। अगर मैं गलत नहीं हूं तो अगले दो सालों में वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट और भारत के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ सकते हैं।’
मैं दबाव में नहीं था- साई सुदर्शन
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले मैच में केन विलियम्सन के चोटिल होने के बाद साई सुदर्शन इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए थे। सुदर्शन ने उस मैच में 22 रनों की पारी खेली थी। आईपीएल 2023 के ऑरेंज कैप की रेस में साई सुदर्शन इस वक्त पांचवे स्थान पर मौजूद है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार पारी पर साई सुदर्शन ने बात करते हुए कहा, ‘मैं दबाव में नहीं था बस सही चीजों का हिसाब लगा रहा था। मैं सही विकल्प लेने के बारे में सोच रहा था मेरी योजना खेल को गहराई तक ले जाने की थी। शुरूआत में यह काफी मुश्किल था क्योंकि सीम कर रहा था। लेकिन यह बहुत अच्छा था।’