पंत ने विकेट के पीछे से दी चहल को गेंद फेंकने से पहले सलाह और इंग्लैंड का बल्लेबाज हुआ बोल्ड - क्रिकट्रैकर हिंदी

पंत ने विकेट के पीछे से दी चहल को गेंद फेंकने से पहले सलाह और इंग्लैंड का बल्लेबाज हुआ बोल्ड

युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कुल 7 विकेट अपने नाम किए।

Rishabh Pant guiding Yuzi Chahal from behind the wickets. (Photo Source: Twitter)
Rishabh Pant guiding Yuzi Chahal from behind the wickets. (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड और भारत के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 17 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड में खेला गया। जिसमें भारतीय टीम के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजी में ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने अहम पारियां खेलते हुए टीम को 5 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। जिससे भारतीय टीम इस वनडे सीरीज को भी 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही और इस दौरे का शानदार तरीके से अंत किया।

वनडे सीरीज के इस अहम मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद गेंदबाजी में पहले सिराज ने टीम को शुरुआती सफलता दिलाई और उसके बाद हार्दिक पांड्या के अलावा युजवेंद्र चहल की गेंदबाजी का जादू देखने को मिला जिसके चलते इंग्लैंड की पारी इस मैच में 259 रन बनाकर सिमट गई। इंग्लैंड की पारी के दौरान चहल के एक ओवर में पंत ने उन्हें किस तरह गेंद फेंकनी है उसकी सलाह दी और ऐसा करने पर विकेट भी हासिल हो गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

दरअसल इंग्लैंड की तरफ से बल्लेबाजी करने उतरे रीस टॉप्ली को स्पिन गेंदबाजी का कोई भी अंदाजा नहीं था। ऐसे में पंत ने चहल को सीधे स्टंप पर गेंद फेंकने की सलाह दी जिसको चहल ने मानते हुए ऐसा ही किया। टॉप्ली को यह गेंद बिल्कुल भी समझ नहीं आई और वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इससे पहले भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी भी कुछ ऐसे ही गेंदबाजों को सलाह देते हुए नजर आते थे।

यहां पर देखिए वह वीडियो:

पंत ने बल्ले से भी निभाई अहम भूमिका और लगाया मैच विनिंग शतक

भारतीय टीम को इस मुकाबले में 260 रनों का लक्ष्य मिला लेकिन टीम ने अपने शुरुआती 4 विकेट 100 रनों के अंदर ही गंवा दिए। जिससे लक्ष्य का पीछा करना एक बार फिर से काफी मुश्किल भरा लगने लगा। ऐसे में ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या के बीच में हुई 5वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी ने पूरे मैच को ही पलटकर रख दिया और भारतीय टीम पूरी तरह से मैच में हावी दिखने लगी। हालांकि हार्दिक पांड्या 71 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए।

लेकिन पंत टीम को 5 विकेट से जीत दिलाकर ही वापस लौटे साथ ही वह वनडे क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाने में भी कामयाब रहे। इसी के साथ पंत खुद को इस दौरे पर पूरी तरह से साबित करने में भी कामयाब रहे जिसमें उनके बल्ले से 5वें रीशेड्यूल टेस्ट मैच में भी शतकीय पारी देखने को मिली थी।

close whatsapp