दसुन शनाका के लिए संडे रहा फन-डे, सुबह कोलंबो में जड़ा शतक, तो शाम को ILT20 में 12 गेंदों में ठोक दिए 34 रन  - क्रिकट्रैकर हिंदी

दसुन शनाका के लिए संडे रहा फन-डे, सुबह कोलंबो में जड़ा शतक, तो शाम को ILT20 में 12 गेंदों में ठोक दिए 34 रन 

खिलाड़ी ने कोलंबो में मैच ड्राॅ होने के बाद सीधे दुबई के लिए उड़ान भरी

Dasun Shanaka (Image Credit- Twitter X)
Dasun Shanaka (Image Credit- Twitter X)

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी दसुन शनाका (Dasun Shanaka) एक दिन में दो फाॅर्मेट में दो कमाल की पारी खेलने की वजह से सुर्खियां बटोरने में कामयाब रहे हैं। बता दें कि रविवार का दिन अनुभवी खिलाड़ी के लिए काफी शानदार रहा।

पहले तो उन्होंने श्रीलंका के घरेलू टूर्नामेंट में शतकीय पारी खेली, उसके बाद शाम को दुबई कैपिटल्स के लिए जारी इंटरनेशनल लीग टी20 में तूफानी पारी खेली, जिसकी काफी चर्चा देखने को मिल रही है।

हुआ यूं कि रविवार को शनाका श्रीलंका के फर्स्ट क्लास मेजर लीग टूर्नामेंट में सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) के लिए खेल रहे थे। मूर्स स्पोर्ट्स क्लब द्वारा पहली पारी के 412/9 पर घोषित करने के बाद एक समय SSC की टीम 77 रनों पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन इसके बाद नंबर 7 पर बल्लेबाजी करने आए शनाका दूसरे दिन 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

कोलंबो से सीधे दुबई के लिए भरी उड़ान

हालांकि, खेल के तीसरे दिन शनाका ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 87 गेंदों में 123 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए। इसकी वजह से सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ने मैच में 275 रन बनाने में कामयाब रही और मुकाबला ड्राॅ पर समाप्त हुआ।

वहीं दोपहर में इस मैच के ड्राॅ पर समाप्त होने के बाद शनाका ने सीधे कोलंबो से दुबई के लिए उड़ान भरी और शाम को 33 वर्षीय खिलाड़ी जारी ILT20 में दुबई कैपिटल्स के लिए अबू धाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में शामिल हो गया।

इस मुकाबले में डेविड वाॅर्नर (93) के धमाके के बाद शनाका ने पारी के अंत में 12 गेंदों में 34 रनों की तूफानी पारी खेली और टीम का स्कोर 217/4 तक पहुंचाने में मदद की। मैच में दुबई कैपिटल्स ने 26 रनों से जीत हासिल की।

दूसरी ओर, एक ही दिन में शनाका द्वारा दो अलग-अलग टूर्नामेंट में क्रिकेट खेलना इस समय काफी चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, पिछले साल भारत के खिलाफ व्हाइट बाॅल सीरीज के बाद से शनाका अभी तक श्रीलंका क्रिकेट टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।

close whatsapp