अब ये खिलाड़ी नहीं है टेस्ट क्रिकेट में फैब 4 के लायक- आकाश चोपड़ा ने इस प्लेयर के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
आकाश चोपड़ा ने कहा कि, विराट कोहली, जो रूट, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन एक समय निश्चित रूप से ‘फैब फोर’ खिलाड़ी थे अब सिर्फ ‘फैब थ्री’ हैं।
अद्यतन - Jul 8, 2023 4:57 pm

हाल ही में खेली गई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। भारत के हार के बाद से कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं भारतीय टीम के बेहतरीन खिलाड़ी विराट कोहली का टेस्ट फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का कारण बन गया है। दरअसल साल 2020 से कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है।
विराट कोहली ही नहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनर डेविड वार्नर भी अच्छे फॉर्म में नहीं है। बता दें टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने भी विराट कोहली और डेविड वार्नर के फॉर्म को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि कोहली अब फैब 4 के लायक नहीं हैं। इसलिए अब ये फैब 4 नहीं फैब 3 है।
हमारे पास अब ‘फैब फोर’ नहीं है, सिर्फ ‘फैब थ्री’ हैं-आकाश चोपड़ा
बता दें अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि, विराट कोहली, जो रूट, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन एक समय निश्चित रूप से ‘फैब फोर’ खिलाड़ी थे। दरअसल, उस लिस्ट में डेविड वॉर्नर का भी नाम शामिल था। हम बात कर रहे हैं टेस्ट क्रिकेट की। हम साल 2014 और साल 2019 के बीच के समय के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन हमारे पास अब ‘फैब फोर’ नहीं है, सिर्फ ‘फैब थ्री’ हैं।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल अगर हम 2014 से 2019 के बीच विराट कोहली के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 62 मैच खेलें हैं। 22 शतकों की मदद से और 58.71 की औसत से उन्होंने 5695 रन बनाए हैं। उस समय कोहली को रोकना मुश्किल था। एक घरेलू सीजन था, जहां उन्होंने चार दोहरे शतक भी लगाए थे। कोहली शानदार प्रदर्शन उस समय कर रहे थे। वह वाकई शानदार थे।
बता दें विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन को टेस्ट क्रिकेट के मॉर्डन युग में उनके शानदार रिकॉर्ड के लिए ‘फैब 4’ कहा जाता है। हालांकि पिछले कुछ सालों से विराट कोहली का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है। उनके आंकड़े लगातार कम होते जा रहे हैं। उन्हें छोड़कर इनमें से तीन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ सालों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
यहां पढ़ें : तमीम इकबाल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास पर वापसी करने को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने कसा मजाकिया तंज