तमीम इकबाल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास पर वापसी करने को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने कसा मजाकिया तंज - क्रिकट्रैकर हिंदी

तमीम इकबाल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास पर वापसी करने को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने कसा मजाकिया तंज

तमीम इकबाल और उनकी पत्नी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मिले थे।

Tamim Iqbal (Pic Source-Twitter)
Tamim Iqbal (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने बांग्लादेश के अनुभवी क्रिकेटर तमीम इकबाल के संन्यास से यू-टर्न लेने पर उन पर मजेदार तंज कसा है। बता दें, तमीम इकबाल ने 6 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि 1 दिन बाद ही 7 जुलाई को प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात करने के बाद उन्होंने अपने निर्णय को वापस ले लिया।

तमीम इकबाल और उनकी पत्नी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मिले थे। बांग्लादेशी क्रिकेटर और वहां की प्रधानमंत्री की काफी देर तक बातचीत चलती रही जिसके बाद तमीम इकबाल ने अपना संन्यास वापस ले लिया है। इसी चीज का मजाक उड़ाते हुए राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर तमीम इकबाल को लेकर मजाकिया तंज कसा है।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की जिसमें उन्होंने बताया कि 2023 में सबसे तेज चीज क्या हुई है। इस तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी की स्टंपिंग, यशस्वी जायसवाल का मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में शतक, मार्क वुड की गेंदबाज़ी और तमीम इकबाल का कोलाज बना हुआ है।

यह रहा राजस्थान रॉयल्स का ट्वीट:

क्रिकबज के मुताबिक तमीम इकबाल ने 7 जुलाई को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘आज दोपहर को प्रधानमंत्री ने मुझे अपने घर पर बुलाया था। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं फिर से खेलूं और इसी वजह से मैंने इस समय अपने संन्यास से वापस आने के बारे में सोच लिया है। मुझे किसी के लिए भी ना कहना आसान है लेकिन प्रधानमंत्री को मना करना मेरे लिए नामुमकिन के बराबर है।

मशरफे मुर्तजा और नजमुल हसन मेरे भाई हैं और यह दोनों भी हमारे साथ वहां मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने मुझे डेढ़ महीने का ब्रेक दिया है। उन्होंने कहा है कि इतनी देर में मैं अपना ट्रीटमेंट और बाकी सब चीजें ठीक कर दूं। जब मैं पूरी तरह से फ्री हो जाऊंगा तब मैं बचे हुए मुकाबले खेल सकता हूं।’

close whatsapp