प्रधानमंत्री से मिलने के बाद तमीम इकबाल ने अपने संन्यास लेने का निर्णय लिया वापस - क्रिकट्रैकर हिंदी

प्रधानमंत्री से मिलने के बाद तमीम इकबाल ने अपने संन्यास लेने का निर्णय लिया वापस

रिपोर्ट की मानें तो तमीम इकबाल और उनकी पत्नी प्रधानमंत्री के आवास में शेख हसीना से मिलने गए थे।

Tamim Iqbal. (Photo Source: Getty Images)
Tamim Iqbal. (Photo Source: Getty Images)

तमीम इकबाल ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने यह ऐलान तब किया जब बांग्लादेश को अफगानिस्तान के खिलाफ इस समय खेली जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के पहले वनडे मैच में हार का सामना करना पड़ा।

अभी इसको लेकर कोई भी खबर सामने नहीं आई है कि आखिर तमीम इकबाल ने संन्यास लेने का फैसला क्यों किया था लेकिन बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मिलने के बाद उन्होंने अपने इस निर्णय को वापस ले लिया है। रिपोर्ट की मानें तो तमीम इकबाल एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।

रिपोर्ट की मानें तो तमीम इकबाल और उनकी पत्नी प्रधानमंत्री के आवास में शेख हसीना से मिलने गए थे। उनके अलावा बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजमुल हसन भी वहां थे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद बांग्लादेशी क्रिकेटर ने संन्यास से वापसी करने का फैसला किया है।

बहुत जल्द फिर से बांग्लादेश की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे तमीम इकबाल

बता दें, इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है और बांग्लादेश को तमीम इकबाल कि इस टूर्नामेंट में बेहद जरूरत होने वाली है। तमीम इकबाल बांग्लादेश टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में से एक हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेते वक्त तमीम इकबाल ने कहा था कि, ‘यह मेरे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत है। मैंने अपनी इस यात्रा के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है। मैं इस पल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। मैं अपने सभी साथियों, कोचों, BCB अधिकारियों, अपने परिवार के सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो मेरी इतनी लंबी यात्रा के दौरान मेरे साथ रहे और मुझ पर अपना विश्वास बनाए रखा।

मैं अपने प्रशंसकों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। आपके प्यार और मुझ पर विश्वास ने मुझे बांग्लादेश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया। मैं अपने जीवन के अगले अध्याय के लिए आपकी दुआएं चाहता हूं। कृपया आप मुझे अपनी प्रार्थनाओं में रखें।’

अब सवाल यह उठता है कि क्या तमीम इकबाल इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच में खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि तमीम इकबाल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद टीम मैनेजमेंट ने लिटन दास को बांग्लादेश की वनडे टीम का कप्तान नियुक्त किया था।

close whatsapp