क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ मैं 'ईमानदार' बातचीत करने को पूरी तरह से तैयार हूं: डेविड वार्नर - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ मैं ‘ईमानदार’ बातचीत करने को पूरी तरह से तैयार हूं: डेविड वार्नर

आगामी बिग बैश लीग (BBL) में वो सिडनी थंडर्स (Sydney Thunders) की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट में वार्नर की 9 साल के बाद वापसी हो रही है।

David Warner. (Photo by AAMIR QURESHI/AFP via Getty Images)
David Warner. (Photo by AAMIR QURESHI/AFP via Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक डेविड वार्नर ने कहा है कि अपने ऊपर लगे कप्तानी के आजीवन बैन को हटाने को लेकर वो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से बिल्कुल सच और ईमानदार बातचीत करने को तैयार हैं। बता दें, आगामी बिग बैश लीग (BBL) में वो सिडनी थंडर्स (Sydney Thunders) की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट में वार्नर की 9 साल के बाद वापसी हो रही है।

बता दें, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा चुके 2018 के एक टेस्ट मुकाबले में डेविड वार्नर के ऊपर कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगाया गया था। इस टेस्ट मुकाबले में डेविड ऑस्ट्रेलिया टीम के उप-कप्तान थे। उन्हें गेंद के साथ छेड़छाड़ करने के जुर्म में यह सजा सुनाई गई थी। उनके अलावा स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को भी दंडित किया गया था। हालांकि तमाम लोगों का यह मानना है कि डेविड वार्नर को अगर नेशनल टीम से कप्तानी करने को नहीं दी जा रही है तो उन्हें BBL में कप्तानी करने का जिम्मा देना चाहिए।

ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक वार्नर ने कहा कि, ‘यह बात कभी किसी के सामने आई ही नहीं। मैंने कई बार कोशिश की कि अपने ऊपर लगे बैन को लेकर CA से बातचीत करूं लेकिन बोर्ड के साथ ऐसा कभी हुआ ही नहीं। मैं चाहता हूं कि बोर्ड मेरे पास आए और बातचीत करें। मैं भी आराम से बैठकर बिल्कुल ईमानदारी से उनके साथ बातचीत करना चाहता हूं।

मैं बिना किसी खिताब के टीम का लीडर हूं: डेविड वार्नर

डेविड वार्नर ने आगे कहा कि, ‘2018 में बोर्ड ने मेरे ऊपर ये बैन लगा दिया था और उसके बाद उनसे इस मामले को लेकर कोई भी बातचीत नहीं हो पाई। मुझे बहुत अच्छा लगेगा अगर बोर्ड मेरे पास आकर मुझसे ईमानदारी से बात करती है और फिर देखते हैं कि इसका क्या रिजल्ट निकलता है।

उन्होंने आगे कहा कि, मेरे पास काफी अनुभव है। मैं बिना किसी खिताब के टीम का लीडर हूं। अगर कोई भी युवा खिलाड़ी मेरे जैसा दिमाग लगाना चाहता है तो वो मेरा नंबर ले सकता है और मुझसे बात कर सकता है। ऐसा नहीं है कि मैं किसी के लिए भी व्यस्त रहूं। अगर किसी को मेरी जरूरत रहेगी तो मैं उसकी मदद के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा।

बता दें, जिस टेस्ट मैच में डेविड वार्नर को गेंद के साथ छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया था उस मैच की कप्तानी स्टीव स्मिथ कर रहे थे। उनके ऊपर भी 2 साल का लीडरशिप बैन लगा था। डेविड वार्नर इस समय के बेहतरीन ओपनरों में से एक हैं।

close whatsapp