दीपक चाहर को हरभजन सिंह भुवनेश्वर कुमार से ज्यादा बेहतर गेंदबाज मानते हैं - क्रिकट्रैकर हिंदी

दीपक चाहर को हरभजन सिंह भुवनेश्वर कुमार से ज्यादा बेहतर गेंदबाज मानते हैं

दीपक चाहर को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की भारतीय टीम में रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।

harbhajan singh on deepak chahar (pic source-twitter)
harbhajan singh on deepak chahar (pic source-twitter)

भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने दीपक चाहर की जमकर तारीफ की है और उनका मानना है कि भारतीय तेज गेंदबाज अनुभवी भुवनेश्वर कुमार से ज्यादा बेहतरीन खिलाड़ी हैं। बता दें, दीपक चाहर को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की भारतीय टीम में रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। अब जब बुमराह इस मुख्य टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं तो इस चीज को लेकर सवाल उठाया जा रहा है कि उनकी जगह किस खिलाड़ी को 15 सदस्यीय दल में शामिल किया जाएगा।

दीपक चाहर ने हालिया समय में भारतीय टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं भुवनेश्वर कुमार की बात की जाए तो अंतिम ओवरों में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। इस समय भारतीय टीम में सबसे बड़ा चिंता का विषय डेथ गेंदबाजी है। टीम के गेंदबाज भले ही पावरप्ले और मिडल ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं लेकिन अंतिम ओवरों में उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा है।

मेरा यही मानना है कि दीपक चाहर भुवनेश्वर कुमार से ज्यादा बेहतरीन गेंदबाज हैं: हरभजन सिंह

इंडिया टुडे के मुताबिक हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘दीपक चाहर इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं और पावरप्ले में 2-3 विकेट चटका सकते हैं। चाहे कोई भी परिस्थिति हो उनकी इनस्विंग और आउटस्विंग दोनों ही काफी घातक है और उनकी गेंदबाजी को समझना किसी भी बल्लेबाज के लिए काफी मुश्किल है।

इस समय हम लोग जिन परेशानियों से गुजर रहे हैं उसको देखते हुए मेरा यही मानना है कि दीपक चाहर भुवनेश्वर कुमार से ज्यादा बेहतरीन गेंदबाज हैं। कुमार के पास बहुत अनुभव है और वो अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से मुकाबले को पूरी तरह से बदलकर रख सकते हैं लेकिन अंतिम ओवरों में वो इस समय काफी रन लुटा रहे हैं जिसकी वजह से टीम को मुकाबला जीतने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।’

अर्शदीप सिंह को लेकर हरभजन सिंह ने कही यह बात

अर्शदीप सिंह के बारे में बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अभी भी ज्यादा अनुभवी नहीं है और इसी वजह से उन्हें ज्यादा दबाव महसूस होता है।

अर्शदीप सिंह को लेकर हरभजन सिंह ने कहा कि, ‘देखिए, अर्शदीप कमाल के टैलेंटेड खिलाड़ी हैं और भविष्य में वो हमारी टीम के सबसे कारगर गेंदबाज साबित होंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि वो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और वो जिस तरीके से गेंदबाजी करते हैं उससे बल्लेबाजों को काफी परेशानी होती है। लेकिन उन्हें अभी भी परिस्थितियों को समझने की बेहद जरूरत है।

वो अभी भी काफी नए हैं और उन्हें विभिन्न स्थितियों में गेंदबाजी करने की जरूरत है। ऐसा लगता है कि जब भी टीम दबाव में होती है वो खुद के ऊपर भी दबाव महसूस कर रहे होते हैं। ऐसा सोचना कि अर्शदीप दबाव में सभी 6 गेंदें अच्छी फेंकेंगे, युवा गेंदबाज के लिए काफी गलत होगा।’

close whatsapp