ICC टूर्नामेंट में पहले शतक के बाद शुभमन गिल का बड़ा बयान, बोले- “जिस तरह से मैंने खेला…”
शुभमन गिल ने 129 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 101 रन की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - फरवरी 20, 2025 10:55 अपराह्न

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से शिकस्त दी। टीम ने 46.3 ओवरों में सफलतापूर्वक 229 रनों के लक्ष्य का पीछा किया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे शुभमन गिल, जिन्होंने टीम के लिए 129 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह शुभमन का बैक-टू-बैक शतक है।
गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में अहमदाबाद में शतक जड़ा था। यह गिल के वनडे करियर का 8वां और आईसीसी टूर्नामेंट्स में पहला शतक है। बांग्लादेश के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी कर युवा खिलाड़ी ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
मैं बहुत संतुष्ट और बहुत खुश हूं- शुभमन गिल
बांग्लादेश के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में इस शतक को शुभमन गिल ने satisfying बताया, क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के आउट होने के बाद टीम दबाव में थी। उन्होंने टीम की पारी को संभाला और शतक ठोका। शुभमन ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा,
“निश्चित रूप से यह मेरी सबसे संतोषजनक पारियों में से एक है और ICC इवेंट में मेरा पहला शतक है। जिस तरह से मैंने प्रदर्शन किया, उससे मैं बहुत संतुष्ट और बहुत खुश हूं। जब मैं और रोहित भाई मैदान पर उतरे, तो हमने सोचा कि गेंद को कट करना आसान नहीं है क्योंकि ऑफ-स्टंप के बाहर की गेंदें बल्ले पर अच्छी तरह से नहीं आ रही थीं। जब स्पिनर आए, तो मैं और विराट भाई बीच में बात कर रहे थे कि फ्रंट फुट से सिंगल स्कोर करना आसान नहीं है, इसलिए हम बैक फुट से सिंगल स्कोर करने की कोशिश करेंगे। और नीचे की तरफ हिट करना आसान नहीं है, इसलिए हम बस स्ट्राइक रोटेट करते रहे। एक समय पर, हम पर थोड़ा दबाव था। बाहर से मैसेज भेजा गया कि मुझे अंत तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करनी है और मैंने यही करने की कोशिश की।”
शुभमन गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ दो शानदार छक्के भी लगाए, जिसे लेकर बात करते हुए उन्होंने कहा,
“पहले छक्के से मुझे काफी आत्मविश्वास मिला और दूसरे छक्के से मैं शतक के करीब पहुंच गया, इसलिए दोनों ही काफी संतोषजनक रहे।”