युजवेंद्र चहल के स्पिन का जाल, धनश्री के दिल को घायल कर गया
इस एकतरफा मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रनों से मात दी।
अद्यतन - Apr 2, 2023 8:04 pm

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का चौथा मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच में खेला गया। इस एकतरफा मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रनों से मात दी। राजस्थान रॉयल्स ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और इस मैच को अपने नाम किया।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने काफी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके। इस मुकाबले को देखने के लिए उनकी पत्नी धनश्री वर्मा भी राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम आई हुई थी। जैसे ही भारतीय स्पिनर में विकेट झटका धनश्री को अपने पति के लिए चीयर करते हुए देखा गया।
धनश्री के अपने पति के चीयर करने की वीडियो को राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में साझा किया। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘❤❤❤’। बता दें, ऐसा कई बार देखा गया है कि धनश्री अपने पति को चीयर करने के लिए स्टेडियम जरूर आती है।
💗💗💗 pic.twitter.com/zdHh2WAzAW
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 2, 2023
राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रनों से दी मात
बता दें, इस महत्वपूर्ण मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला काफी गलत साबित हुआ। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने 37 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 54 रन बनाए जबकि जोस बटलर ने 22 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन का योगदान दिया।
कप्तान संजू सैमसन ने 32 गेंदों में तीन चौके और 4 छक्कों की मदद से 55 रन की विस्फोटक पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से फजलहक फारूकी ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट झटके जबकि टी. नटराजन ने 3 ओवर 23 रन देकर दो विकेट झटके।
जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 131 रन ही बना पाए। टीम की ओर से मयंक अग्रवाल ने 23 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 27 रन की पारी खेली जबकि अब्दुल समद ने 32 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन की नाबाद पारी खेली।