मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि मैं एशेज सीरीज 2023 की इंग्लैंड टीम में शामिल किया जाऊंगा: जोश टंग - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि मैं एशेज सीरीज 2023 की इंग्लैंड टीम में शामिल किया जाऊंगा: जोश टंग

आयरलैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए टेस्ट मैच में जोश टंग ने किया था इंग्लैंड के लिए डेब्यू।

Josh Tongue (Photo Source: Getty Images)
Josh Tongue (Photo Source: Getty Images)

इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज जोश टंग, जिन्होंने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबले में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था वो इस बात से खुश हैं कि उनका नाम एशेज सीरीज 2023 में अपनी राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वो एशेज सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले एशेज सीरीज 2023 के पहले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए इंग्लैंड टीम की घोषणा की है। इस टीम में जोश टंग को भी शामिल किया गया है। जोश टंग ने आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबले की दूसरी पारी में 5 विकेट झटके थे। यह उनके लिए और उनके परिवार वालों के लिए बहुत ही बड़ी बात थी कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर रहे हैं। उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी करते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की।

जोश टंग ने स्काई स्पोर्ट्स को बताया कि, ‘सच बताऊं तो मुझे बिल्कुल भी यकीन नहीं था कि मैं इंग्लैंड के लिए डेब्यू करूंगा। यह मेरे लिए और मेरे परिवार वालों के लिए बहुत ही खास दिन था। 1 हफ्ते पहले मुझे यह भी नहीं पता था कि मैं वॉस्टरशायर के लिए खेलूंगा और फिर यहां आऊंगा। लॉर्ड्स में खेलना और 5 विकेट हासिल करना सच में बहुत ही बड़ी बात है।’

दूसरी पारी के पहले ओवर में 2 विकेट लेने के बाद मेरे ऊपर से पूरा दबाव हट गया था: जोश टंग

जोश टंग ने इंग्लैंड के लिए अपने डेब्यू टेस्ट मुकाबले के खास समय को याद किया। उनके मुताबिक यह कोई सपने के साकार होने जैसा था। उन्होंने यह भी कहा कि जब आयरलैंड की दूसरी पारी के दौरान उन्होंने एक ही ओवर में 2 विकेट हासिल किए तब जो दबाव उनके ऊपर था वो पूरी तरह से खत्म हो गया।

जोश टंग ने कहा कि, ‘मैं जब छोटा था तब यही चाहता था कि इंग्लैंड के लिए खेलूं और जब ऐसा हुआ तो मुझे ऐसा लगा कि मैं चांद पर हूं। पहला विकेट मेरे लिए बहुत ही खास था और जब मैंने एक ही ओवर में 2 विकेट झटके तब मेरे ऊपर से पूरा दबाव हट गया।’

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज 16 जून से बर्मिंघम के एजबेस्टन में शुरू हो रही है। इस पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज को दोनों टीमें अपना नाम करने चाहेंगी।

close whatsapp