DK फैंस के लिए बुरी खबर, अब अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी ले लिया है संन्यास
भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है।
अद्यतन - Jun 1, 2024 6:59 pm

भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में दिनेश कार्तिक को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए देखा गया था। हालांकि जैसे ही आरसीबी को एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा वैसे ही दिनेश कार्तिक ने इस शानदार टूर्नामेंट से संन्यास की घोषणा की।
दिनेश कार्तिक का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में काफी अच्छा रहा था और तमाम लोगों का मानना था कि अनुभवी खिलाड़ी को आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में भी शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और टीम मैनेजमेंट ने विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और संजू सैमसन को जगह दी। आज यानी 1 जून को दिनेश कार्तिक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बात की घोषणा की कि वो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास लेने जा रहे हैं।
दिनेश कार्तिक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लेटर और एक वीडियो को साझा किया है। इस लेटर में उन्होंने बताया है कि वो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास लेने जा रहे हैं और उन्होंने अपने क्रिकेटिंग सफर के लिए कई लोगों को शुक्रिया भी कहा।
यह रहा दिनेश कार्तिक का ट्वीट:
It's official 💖
Thanks
DK 🙏🏽 pic.twitter.com/NGVnxAJMQ3— DK (@DineshKarthik) June 1, 2024
दिनेश कार्तिक का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी काफी अच्छा रहा है। बता दें, दिनेश कार्तिक ने भारतीय टीम की ओर से 26 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 25 के औसत और 49.28 के स्ट्राइक रेट से 1025 रन बनाए। इस प्रारूप में उनके नाम 7 अर्धशतक और एक शतक है। 94 वनडे मुकाबलों में दिनेश कार्तिक ने 30 के ऊपर के औसत और 73.24 के स्ट्राइक रेट से 1752 रन बनाए हैं। वनडे में उन्होंने 9 अर्धशतक जड़े हैं।
टी20 प्रारूप में भारतीय टीम की ओर से शानदार विकेटकीपर बल्लेबाज ने 60 मैच में 142.65 के स्ट्राइक रेट से 686 रन बनाए हैं। तमाम क्रिकेट फैंस इस बात से काफी निराश होंगे कि अब दिनेश कार्तिक को क्रिकेट खेलते हुए फिर से नहीं देखा जाएगा। हालांकि अब दिनेश कार्तिक महत्वपूर्ण मुकाबलों में कमेंट्री करते हुए नजर आ सकते हैं।