एक बार फिर सुर्खियां बटोरने के लिए राशिद लतीफ ने की टीम इंडिया की बेइज्जती
इस समय आपको शतकों को गिनने की जरूरत नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता: राशिद लतीफ
अद्यतन - दिसम्बर 12, 2022 2:51 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने कहा है कि भारतीय टीम को व्यक्तिगत उपलब्धियों का जश्न मनाने के बजाय सामूहिक उपलब्धियों पर ध्यान देना चाहिए। बता दें, विराट कोहली ने 10 नवंबर को बांग्लादेश के खिलाफ चट्टोग्राम में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। इसके बाद तमाम लोगों ने यह बयान दिया कि विराट कोहली तेंदुलकर के 100 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। राशिद लतीफ का यह बयान इसी के बाद आया है।
लतीफ का कहना है कि भारत को ICC टाइटल को अपने नाम करना बेहद जरूरी है क्योंकि पिछले कुछ सालों में उन्होंने एक भी ICC ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है। बता दें, भारत ने अभी तक वनडे वर्ल्ड कप 1983, टी-20 वर्ल्ड कप 2007, वनडे वर्ल्ड कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 अपने नाम की है।
काफी साल हो गए हैं भारत को ट्रॉफी जीते हुए: राशिद लतीफ
राशिद लतीफ ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘इस समय आपको शतकों को गिनने की जरूरत नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्हें अभी ट्रॉफी जीतने की बेहद जरूरत है। काफी साल हो गए हैं भारत को ट्रॉफी जीते हुए। चाहे कोहली 100 शतक जड़े या 200 बनाएं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस समय सब ज्यादा जरूरी है कि भारतीय टीम अपने प्रशंसकों को एक ट्रॉफी दिलाएं।’
राशिद लतीफ ने आगे कहा कि, ‘ पैसों के मामले में IPL और इंडियन क्रिकेट काफी आगे हैं लेकिन अब उनके ऊपर अपने प्रशंसकों और मीडिया की तरफ से यह दबाव आ गया है कि उन्हें ट्रोफी जीतनी है। एशिया कप हो चुका, चैंपियंस ट्रॉफी भी हो चुकी, 2019 वनडे वर्ल्ड कप को खत्म हुए भी समय हो गया और दो टी-20 वर्ल्ड कप भी निकल गए। 100 शतक अपनी जगह पर है लेकिन भारत और भारतीय बोर्ड को टाइटल जीतना बेहद जरूरी है।’
बता दें, भारतीय टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है। इस दौरे में तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली गई थी जिसमें भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। भले ही तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया हो लेकिन बाकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। अब दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज को वो अपने नाम करने मैदान पर उतरेंगे।