गौतम गंभीर ने विराट कोहली के ओपनिंग करने के सुझावों को किया खारिज - क्रिकट्रैकर हिंदी

गौतम गंभीर ने विराट कोहली के ओपनिंग करने के सुझावों को किया खारिज

अगर रोहित शर्मा और केएल राहुल उपलब्ध हैं तो विराट कोहली ओपनिंग नहीं कर सकते हैं: गौतम गंभीर

virat kohli and gautam gambhir (pic source-twitter)
virat kohli and gautam gambhir (pic source-twitter)

एशिया कप 2022 के अपने आखिरी मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक जड़ा। तमाम लोग इस बात से खुश थे कि अब विराट कोहली अपने फॉर्म में वापस आ चुके हैं और भले ही वो भारतीय टीम को एशिया कप 2022 में जीत ना दिला पाए हो लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में वो अपने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखेंगे और 11 साल बाद भारत को ICC ट्रॉफी जिताएंगे।

बता दें, सभी प्रारूपों को मिलाकर यह विराट कोहली का 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक था। पिछले काफी समय से विराट कोहली अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं थे। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ा था। बता दें, अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने ओपनिंग करते हुए इस उपलब्धि को हासिल किया था जिसके बाद तमाम लोगों का यही मानना है कि अब उन्हें हर मुकाबले में पारी की शुरुआत करनी चाहिए, हालांकि गौतम गंभीर का मानना है कि विराट कोहली को नंबर 3 पर ही बल्लेबाजी करना चाहिए।

अगर रोहित शर्मा और केएल राहुल उपलब्ध हैं तो कोहली ओपनिंग नहीं कर सकते: गौतम गंभीर

गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के ‘गेम प्लान’ के एक एपिसोड में कहा कि, ‘आप सब लोगों से मैं यह अपील करना चाहता हूं कि विराट कोहली की ओपनिंग को लेकर आप फिर से शुरू ना हो जाए। अगर रोहित शर्मा और केएल राहुल उपलब्ध हैं तो कोहली ओपनिंग नहीं कर सकते।

मैंने यह बात पहले ही कह दी है कि हमें इसकी बात फिर से नहीं करनी चाहिए। वो नंबर 3 पर ही खेलें तो अच्छा रहेगा। लेकिन मुकाबले की स्थिति को देखते हुए उनके क्रम में बदलाव कर सकते हैं। अगर दोनों ओपनर 10 ओवर तक बल्लेबाजी करते हैं तो सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 पर आना चाहिए और अगर जल्दी विकेट गिरता है तो कोहली को इस क्रम में आकर खेलना चाहिए।’

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन ने गौतम गंभीर का साथ दिया है और कहा है कि सभी खिलाड़ियों को उनका क्रम पहले से ही बता देना चाहिए।

विराट कोहली को बल्लेबाजी में ओपनिंग नहीं करनी चाहिए: मैथ्यू हेडन

मैथ्यू हेडन ने कहा कि, ‘विराट कोहली के बल्लेबाजी क्रम की बहस को लेकर मैं और गौतम गंभीर पहले ही बात कर चुके हैं कि उन्हें बल्लेबाजी में ओपनिंग नहीं करनी चाहिए। उन्हें नंबर 3 पर ही आकर खेलना चाहिए। देखिए वह वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी है और वो नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। अगर उन्हें इससे कोई समस्या होती है तो उन्हें अपने कप्तान और मैनेजमेंट से बात करनी चाहिए।’

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 सितंबर से तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज में विराट कोहली को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है। तमाम प्रशंसक उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी का बेसब्री से इंतजार कर रहे होंगे।

close whatsapp