एशिया कप में पाकिस्तान टीम को विराट कोहली को हल्के में नहीं लेना चाहिए: यासिर शाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप में पाकिस्तान टीम को विराट कोहली को हल्के में नहीं लेना चाहिए: यासिर शाह

28 अगस्त को पाकिस्तान और भारत के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा।

virat kohli and yasir shah (source-twitter)
virat kohli and yasir shah (source-twitter)

पाकिस्तानी लेग स्पिनर यासिर शाह ने टीम से अपील की है कि उन्हें एशिया कप 2022 में विराट कोहली से बचकर रहना होगा। बता दें, 27 अगस्त से एशिया कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। पहला मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा।

28 अगस्त को पाकिस्तान और भारत के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। तमाम प्रशंसक इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विराट कोहली की बात की जाए तो उन्होंने नवंबर 2019 को अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था। उसके बाद से ही उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है।

हालांकि तमाम लोगों का मानना है कि विराट कोहली इस टूर्नामेंट में अपने पुरानी लय में जरूर लौट सकते हैं। यासिर शाह का भी यही मानना है कि विराट कोहली के लिए एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अपने शानदार फॉर्म में लौटना कोई बड़ी बात नहीं है।

विराट कोहली वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं: यासिर शाह

यासिर शाह ने पाकिस्तानी चैनल pktv.tv. में कहा कि, ‘विराट कोहली को हल्के में नहीं लेना चाहिए। माना कि वो इस समय अपने फॉर्म में नहीं है और बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं लेकिन वो वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और किसी भी समय वो अपने फॉर्म में वापस आ सकते हैं।

बता दें, हाल ही में विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दो टी-20 मुकाबलों में 1 और 11 रन बनाए। इंग्लैंड की वनडे सीरीज के बाद उन्हें वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स में आराम दिया गया। हालांकि विराट कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी करना काफी पसंद है।

उन्होंने 2012 संस्करण में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन बनाए थे जो उनका वनडे फॉर्मेट में अभी तक का सर्वाधिक स्कोर रहा है। उन्होंने 4 साल बाद फिर से इसी टीम के खिलाफ 49 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी जब रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे शुरुआत में जल्द आउट हो गए थे।

2016 और 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप में कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। पाकिस्तान को भी विराट कोहली की पारियों का अंदाजा होगा और वो उन्हें जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे।

पाकिस्तान टीम के लिए बुरी खबर यह है कि तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टीम में नसीम शाह और हारिस रऊफ भी हैं जो विराट कोहली को जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे।

close whatsapp