अगर रविचंद्रन अश्विन इंग्लैंड की ओर से खेल रहे होते तो बोर्ड ने अभी तक उन्हें संन्यास लेने के लिए कह दिया होता: मोंटी पनेसर
रविचंद्रन अश्विन को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में गिना जाता है।
अद्यतन - सितम्बर 24, 2024 9:00 अपराह्न

भारतीय टीम के बेहतरीन ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अश्विन ने चेन्नई टेस्ट मैच में पहली पारी में महत्वपूर्ण शतक जड़ा था। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। उनके इस बेहतरीन खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
अब इस बीच इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने कहा कि अगर रविचंद्रन अश्विन भारत की जगह इस समय इंग्लैंड से खेल रहे होते तो अभी तक बोर्ड उन्हें संन्यास लेने के लिए कह देता। बता दें कि रविचंद्रन अश्विन को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में गिना जाता है। वो भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में अनिल कुंबले के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
NDTV Sports के मुताबिक मोंटी पनेसर ने कहा कि, ‘वो एक्सपेरिमेंट ज्यादा करते हैं। अगर अश्विन इस समय इंग्लिश होते तो उन्हें संन्यास लेने के लिए कह दिया जाता क्योंकि बोर्ड ज्यादा से ज्यादा युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहता है। लेकिन मुझे लगता है कि इंग्लैंड ज्यादा एक्सपेरिमेंट करता है।’
मोंटी पनेसर ने अश्विन से बेहतर नाथन लियोन को बताया
मोंटी पनेसर ने रविचंद्रन अश्विन और नाथन लियोन के बीच बेहतर गेंदबाज को लेकर अपना पक्ष रखा है। मोंटी पनेसर ने कहा कि, ‘मेरा मानना है कि नाथन लियोन ज्यादा बेहतर गेंदबाज हैं। हां, भारत में ज्यादा बेहतर गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन है। मुझे ऐसा लगता है कि वो गेंदबाजी करते समय एक बल्लेबाज की तरह सोचते हैं।’
बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 27 सितंबर से कानपुर में हो रही है। दूसरे टेस्ट को भी भारत अपने नाम जरूर करना चाहेगा। रविचंद्रन अश्विन की बात की जाए तो पहले टेस्ट में तो अनुभवी खिलाड़ी जबरदस्त प्रदर्शन कर चुके हैं और अब उन्हें दूसरे टेस्ट में भी अपनी छाप छोड़ते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है।