जिस तरीके का ट्रीटमेंट मुझे मिला है मैं उसके बारे में बिल्कुल भी बात अभी नहीं करना चाहता: महमुदुल्लाह
बांग्लादेश की बात की जाए तो टीम की ओर से अनुभवी खिलाड़ी महमुदुल्लाह ने 111 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 111 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
अद्यतन - अक्टूबर 25, 2023 5:36 अपराह्न

24 अक्टूबर को खेले गए महत्वपूर्ण मुकाबले में बांग्लादेश को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 149 रनों से करारी शिकस्त मिली। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बांग्लादेश की बात की जाए तो टीम की ओर से अनुभवी खिलाड़ी महमुदुल्लाह ने 111 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 111 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, बाकी खिलाड़ियों से साथ ना मिलने की वजह से वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
महमुदुल्लाह को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 की बांग्लादेश टीम में पहले नहीं शामिल किया गया था। हालांकि, खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से उनकी टीम में वापसी हुई। उन्होंने अभी तक अपनी टीम की ओर से इस पूरे टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान महमुदुल्लाह ने कहा कि, ‘यह बहुत ही अच्छा समय है और मैं अपने पिछले समय को बिल्कुल भी याद नहीं करना चाहता हूं। मैं कई चीजों को लेकर बातचीत करना चाहता हूं लेकिन यह बिल्कुल भी सही समय नहीं है। मैं सिर्फ अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाना चाहता हूं। यही दुआ करता हूं कि अल्लाह मेरे साथ रहे और मुझे ताकत दे। मैं अपनी फिटनेस को ऐसे ही बरकरार रखना चाहता हूं और इसीलिए मैं इसकी कड़ी मेहनत कर रहा हूं। मैं सिर्फ यही कर सकता हूं।’
महमूदुल्लाह ने अपना यह शतक अपने परिवार को समर्पित किया
बांग्लादेशी खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘मैं यह शतक उन सब को समर्पित करना चाहता हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया। साथ ही जिन लोगों ने पिछले तीन महीनों में मेरे लिए दुआ की यह शतक उनके लिए भी समर्पित है। मेरी यही कोशिश रहेगी कि मैं ऐसे ही अच्छा प्रदर्शन करता रहूं और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाता रहूं। मैंने अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं।’
बांग्लादेश टीम को अब अगर आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनानी है तो उनको सभी मुकाबले में जीत दर्ज करनी बेहद जरूरी है।