‘हमारे अंडर-19 दिनों से लेकर अब तक’ दिनेश कार्तिक के रिटायरमेंट पर रिएक्शन देते हुए शिखर धवन
कार्तिक ने आईपीएल 2024 के बाद अपने क्रिकेट करियर को विराम देने का फैसला किया है।
अद्यतन - May 24, 2024 4:11 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) ने हाल में ही क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। कार्तिक के 20 साल लंबे चले क्रिकेटर करियर पर क्रिकेट जगत समेत साथी क्रिकेटर्स उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नजर आ रहे हैं।
तो वहीं अब इस लिस्ट में नया नाम अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar dhawan) का जुड़ गया है। कार्तिक ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 2 नवंबर 2022 को पिछले टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। तो वहीं जारी आईपीएल में वह 22 मई को RCB की ओर से राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ आखिरी मैच खेलते हुए नजर आए।
शिखर धवन ने दिनेश कार्तिक के रिटायरमेंट पर दी प्रतिक्रिया
बता दें कि दिनेश कार्तिक के रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए शिखर धवन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में धवन ने लिखा- भाई, हमारे अंडर-19 दिनों से लेकर अब तक, यह कड़ी मेहनत और उपलब्धियों से भरी दिनेश कार्तिक की एक अविश्वसनीय यात्रा रही है। आपका समर्पण सदैव प्रेरणा देने वाला रहा है।
मुझे वो एनर्जी पसंद है जो आप लेकर आते हैं, और जिससे लोग मुस्कुराते हैं। अब जब आप रिटायर हो चुके हैं तो मैं आपके भविष्य के लिए शुभकामनाओं के अलावा और कुछ नहीं चाहता। आपका अगला अध्याय आपके क्रिकेट करियर की तरह ही फायदेमंद हो।
देखें शिखर धवन की ये सोशल मीडिया पोस्ट
दूसरी ओर, दिनेश कार्तिक के क्रिकेट करियर के बारे में आपको जानकारी दें, तो अपने 20 साल के क्रिकेट करियर में वह भारतीय टीम के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी20 मैच खेलने में सफल रहे, जिसमें उन्होंने 1025 टेस्ट, 1752 वनडे और 686 टी20 रन बनाए हैं। साथ ही कार्तिक के आईपीएल के करियर के बारे में जानकारी दें, तो उन्होंने 257 मैचों में 26.32 और 135.36 के स्ट्राइक रेट से कुल 4842 रन बनाए हैं।