Duleep Trophy, IND-A vs IND-B: Day 3: दूसरी पारी में डक पर आउट हुए मुशीर खान, इंडिया-बी 240 रनों से है आगे - क्रिकट्रैकर हिंदी

Duleep Trophy, IND-A vs IND-B: Day 3: दूसरी पारी में डक पर आउट हुए मुशीर खान, इंडिया-बी 240 रनों से है आगे

इंडिया A की टीम पहली पारी में 231 रनों पर ऑलआउट हुई।

Musheer Khan & Rishabh Pant (Photo Source: X/Twitter)
Musheer Khan & Rishabh Pant (Photo Source: X/Twitter)

Duleep Trophy, IND-A vs IND-B: Day 3 Highlights: दलीप ट्रॉफी 2024 का पहला मुकाबला इंडिया-ए और इंडिया-बी के बीच 5 सितंबर से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जा रहा है। खेल के दूसरे दिन के अंत तक इंडिया-बी ने पहली पारी में 134 रन बना लिए थे और टीम 187 रनों से पीछे चल रही थी।

खेल के तीसरे दिन इंडिया-ए की टीम 231 रनों पर ऑलआउट हो गई। दिन के अंत तक इंडिया-बी ने दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 150 रन बना लिए हैं और टीम 240 रनों से आगे चल रही है। वाशिंगटन सुंदर (6*) नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं।

IND-A vs IND-B: केएल राहुल और रियान पराग के बीच हुई 79 रनों की साझेदारी

खेल के दूसरे दिन के अंत तक रियान पराग और केएल राहुल के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। केएल राहुल (23*) और रियान पराग (27*) नाबाद क्रीज पर मौजूद थे। दोनों बल्लेबाजों की मंशा तीसरे दिन साझेदारी को और बड़ा बनाने की थी, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।

39वें ओवर में यश दयाल ने रियान पराग (30) को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। पराग और केएल राहुल के बीच 79 रनों की साझेदारी तीसरे विकेट के लिए हुई। केएल राहुल (37) फिर 49वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर के खिलाफ विकेट गंवा बैठे और 169 के स्कोर पर इंडिया-ए को पांचवां झटका लगा। इसके बाद टीम की बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह से बिखर गई।

शिवम दुबे ने 42 गेंदों में 20 रन बनाए, वहीं तनुष कोटियन ने 71 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली। इंडिया-ए के लिए मुकेश कुमार और नवदीप सैनी ने सर्वाधिक 3-3 विकेट चटकाए। साई किशोर ने दो विकेट लिए, वहीं यश दयाल और वाशिंगटन सुंदर के नाम 1-1 विकेट शामिल रहे।

IND-A vs IND-B: दूसरी पारी में 22 के स्कोर पर इंडिया-बी ने गंवाए 3 विकेट

खेल की दूसरी पारी में इंडिया-बी के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने मात्र 22 के स्कोर पर 3 बड़े विकेट गंवा दिए। खलील अहमद ने पांचवें ओवर में यशस्वी जायसवाल (9) को आउट कर इंडिया-ए को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद फिर अकाश दीप ने पहली पारी में शतक जड़ने वाले मुशीर खान को डक पर पवेलियन भेजा। आकाश दीप ने 8वें ओवर में विरोधी कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (4) पर भी शिकंजा कसा।

सरफराज खान और पंत के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी

सरफराज खान और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई। सरफराज खान 36 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आवेश खान के खिलाफ आउट हुए। ऋषभ पंत अच्छी बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे थे, लेकिन तनुष कोटियन के खिलाफ विकेट गंवा बैठे।

ऋषभ ने 47 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली, उन्होंने 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। नीतिश कुमार रेड्डी दूसरी पारी में भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए, वह 19 रन पर खलील अहमद के खिलाफ आउट हुए।

दिन के अंत तक इंडिया-ए के गेंदबाज खलील अहमद और आकाश दीप ने 2-2 विकेट ले लिए हैं। वहीं, आवेश खान और तनुष कोटियन ने भी 1-1 विकेट चटकाए।

close whatsapp