The Hundred 2024: फाइनल खेलने का सपना देख रहा था ये गेंदबाज, बोर्ड ने मैच से पहले टीम से ही निकलवा दिया, जानिए क्यों?
कुछ दिन पहले स्टोक्स की चोट के बाद तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रिस वोक्स को भी टूर्नामेंट से हटा दिया गया था।
अद्यतन - अगस्त 17, 2024 4:23 अपराह्न

द हंड्रेड टूर्नामेंट में ओवल इनविंसिबल्स का मुकाबला फाइनल में बर्मिंघम फीनिक्स और सदर्न ब्रेव के बीच एलिमिनेटर मुकाबले के विजेता से होगा। इस बीच खबर आई है कि, गस एटकिंसन रविवार 18 अगस्त को द हंड्रेड 2024 फाइनल में ओवल इनविंसिबल्स के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। दरअसल, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें बुधवार 21 अगस्त से शुरू हो रही श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले फाइनल मुकाबले से बाहर करने का फैसला किया है।
बोर्ड ने हंड्रेड मैच के दौरान बेन स्टोक्स की चोट के बाद सतर्कता का रुख अपनाया है। बता दें कि कुछ दिन पहले स्टोक्स की चोट के बाद तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रिस वोक्स को भी टूर्नामेंट से हटा दिया गया था।
एटकिंसन ने इस सीजन में इनविंसिबल्स के लिए केवल एक मैच खेला है और 10 गेंदों पर 28 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। एटकिंसन के हटाने के फैसले पर इनविंसिबल्स के कप्तान सैम बिलिंग ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
इनविंसिबल्स के कप्तान सैम बिलिंग्स ने कहा:
“गस को टीम से हटा दिया गया है, जो कि समझ में आने वाली बात है। यह उसके लिए निराशाजनक है, लेकिन साकिब महमूद ने पूरे टूर्नामेंट में हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है और पिछले मैच में उसने अपना क्लास दिखाया। वह टीम में बना रहेगा।”
गस एटकिंसन की बात करें तो पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपनी पहली टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था। इस युवा खिलाड़ी ने तीन टेस्ट मैचों में 16.22 की औसत से 22 विकेट चटकाए, जिसमें दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है।
पिछले साल अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद से इस तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के लिए 9 वनडे और 3 टी20 मैच खेले हैं। एटकिंसन ने व्हाइट बॉल के फॉर्मेट में 17 विकेट लिए हैं। वह 2023 वनडे विश्व कप के लिए इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे।