या तो आप खेलो या बाहर रहो- संजू सैमसन के खराब प्रदर्शन को लेकर बोले आकाश चोपड़ा
विंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में अब तक संजू सैमसन का बल्ला रहा है खामोश।
अद्यतन - Aug 7, 2023 6:22 pm

पिछले काफी समय से भारतीय फैंस संजू सैमसन को टीम में शामिल करने की मांग कर रहे थे। लेकिन अब जब उन्हें टीम में मौका मिला तो उसे वो भुना नहीं पाए हैं। वहीं अब पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने कहा है कि, संजू सैमसन और उनके प्रशंसक यह शिकायत नहीं कर सकते हैं कि उन्हें गलत नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उनका मानना है कि संजू सैमसन जिस भी नंबर पर खेलें, उन्हें अपने मौके का फायदा उठाने की जरूरत है।
रविवार, 6 अगस्त को गुयाना में दूसरे टी20 मैच में सैमसन सिर्फ 7 रन बना सके और भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 153 रन का लक्ष्य रखा। मेजबान टीम ने दो विकेट और सात गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर, पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई।
संजू सैमसन को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिए तीखे बोल
अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में मैच के बारे में बात करते हुए, चोपड़ा ने सैमसन के शॉट चयन की आलोचना की और कहा कि ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी न कर पाना कोई बहाना नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि,“संजू सैमसन ने खराब शॉट खेला। शुरुआत में शुभमन गिल और बीच में संजू सैमसन ने खराब शॉट खेले। संजू सैमसन और उनके प्रशंसक कह सकते हैं कि उन्हें गलत नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल रहा है। लेकिन क्या शीर्ष पर कोई जगह उपलब्ध है ? यदि यह वहां नहीं है, तो क्या किया जा सकता है?”
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा “तो अब आपके पास दो विकल्प हैं – या तो आप खेलें या आप नहीं खेलें। यदि आप उन पोजीशन पर खेलते हैं तो रन बनाने का प्रयास करें नहीं तो आपको वो मौके भी नहीं मिलेंगे। 10 ओवर बचे थे, इसलिए आपके पास एक मौका था। यदि आप नहीं खेलते हैं तो बाद में आपको पछताना पड़ेगा।”
आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारत की पावरप्ले में कमजोर बल्लेबाजी चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि, “पहले छह ओवर चिंता का एक और कारण बन गए हैं क्योंकि हम बिल्कुल भी रन नहीं बना रहे हैं। शुभमन गिल यहां आउट हो गए, उन्होंने दो या तीन बड़े शॉट खेलने की कोशिश की, एक छक्का लगाया और फिर आउट हो गए। शुभमन गिल और सूर्यकुमार ने 12 गेंदों में आठ रन बनाए। इशान किशन ने 23 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन जब उन्होंने तेजी से रन बनाना शुरू किया तो कैच आउट हो गए।