ENG vs AUS : रोमांचक मोड़ पर पहुंचा हेडिंग्ले टेस्ट, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में - क्रिकट्रैकर हिंदी

ENG vs AUS : रोमांचक मोड़ पर पहुंचा हेडिंग्ले टेस्ट, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में

इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 237 रनों पर ही सिमट गई।

Travis Head (Photo Source: Twitter)
Travis Head (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हेडिंग्ले में एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। जहां दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 116 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 142 रनों की हो चुकी है। क्रीज पर इस वक्त ट्रेविस हेड (18*) और मिचेल मार्श (17*) जमे हुए हैं। फिलहाल मैच में ऑस्ट्रेलिया की स्थिति मजूबत नजर आ रही है।

पहले दो टेस्ट गंवा देने के बाद इंग्लैंड के लिए यह मैच काफी अहम है, क्योंकि इस मुकाबले में हार के बाद वह सीरीज भी हार जाएगी। मैच के पहले दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को 263 रनों पर ऑलआउट कर दिया। वहीं इसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 237 रनों पर ही सिमट गई।

पैट कमिंस ने झटके 6 विकेट

आज दूसरे दिन मेजबान टीम ने पहले दिन के स्कोर 68/3 से आगे खेलना शुरू किया और जो रूट के रूप में उसे दिन का पहला झटका लगा। रूट सिर्फ 19 रन ही बना सके। जॉनी बेयरस्टो अपना सर्वश्रेष्ठ देने में नाकामयाब रहे और 12 के निजी स्कोर पर मिचेल स्टार्क का शिकार बने।

स्टोक्स ने एक बार फिर अपने बल्ले से जलवा दिखाया और कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 108 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 80 रन बनाए। इस मैच में वापसी कर रहे मोईन अली ने सिर्फ 21 और मार्क वुड ने 24 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। पूरी टीम 237 रन पर ऑलआउट हो गई और कंगारू टीम को 26 रनों की बढ़त मिली।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 6 विकेट हासिल किए। वहीं मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मिचेल मार्श और टॉड मर्फी को 1-1 विकेट मिला।

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी

इंग्लैंड को जल्दी समेटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी खेलनी शुरू की। लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। स्टुअर्ट ब्रॉड ने एक बार फिर डेविड वॉर्नर को अपना शिकार बनाया। हालांकि, इसके बाद उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। 26वें ओवर में मोईन अली ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने लाबुशेन को 33 के निजी स्कोर पर हैरी ब्रूक के हाथों लपकवाया। दूसरे टेस्ट में शानदार शतक लगाने वाले स्मिथ सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए।

वहीं उस्मान ख्वाजा के रूप में ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। वह अर्धशतक से चूक गए और पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी मार्क की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 96 गेंदों में 3 चौके की मदद से 43 रन बनाए। इसके बाद दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया टीम को कोई और झटक नहीं लगा। ट्रेविस हेड 18 रन और मिचेल मार्श 17 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 47 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 116 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 142 रनों की हो गई है।

close whatsapp