जसप्रीत बुमराह क्यों हुए तीसरे वनडे मैच से बाहर? BCCI ने दिया जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

जसप्रीत बुमराह क्यों हुए तीसरे वनडे मैच से बाहर? BCCI ने दिया जवाब

वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में जसप्रीत बुमराह ने की थी शानदार गेंदबाजी।

    Jasprit Bumrah celebrating Liam Livingstone’s wicket (Photo Source: Twitter/BCCI)Jasprit Bumrah celebrating Liam Livingstone’s wicket (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारत ने मैनचेस्टर में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के वक्त भारतीय खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां कप्तान रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि भारत के इन-फॉर्म तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने के कारण इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे। बुमराह की जगह इस मैच में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।

भारत और इंग्लैंड रविवार, 17 जुलाई को ओल्ड ट्रैफर्ड में तीसरे और अंतिम मैच में आमने-सामने हैं। मेजबान टीम ने दूसरे एकदिवसीय मैच में बड़ी जीत के बाद श्रृंखला को बराबरी पर ला दिया। वहीं सीरीज के पहले मैच में भारत ने एक शानदार जीत दर्ज की थी। इस बीच, भारतीय गेंदबाजों को इस मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा जिससे की वो इंग्लैंड की टीम को कम टोटल पर रोक सकें।

बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह की चोट को लेकर दिया बड़ा अपडेट

जसप्रीत बुमराह पर अपडेट देते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने कहा कि, “जसप्रीत बुमराह पीठ में ऐंठन के कारण तीसरा वनडे नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह पर अर्शदीप सिंह को इसलिए नहीं चुना गया, क्योंकि वह अभी तक पेट के दाहिने हिस्से में खिंचाव से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं।”

पिछले मुकाबले में खराब प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा अंतिम वनडे में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। दूसरे मैच में इंग्लैंड के 246 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 146 रनों पर ढेर हो गया था। लॉर्ड्स में दोनों टीमों के गेंदबाजों को मदद मिली। लेकिन उस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने काफी निराश किया।

तीसरे वनडे मैच की बात करें तो इस वक्त इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी कर रही है। खबर लिखे जाने तक इंग्लिश टीम 74 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा चुकी है। भारत की तरफ से अब तक मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या दो-दो विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।

close whatsapp