ENG vs WI 2025: चोट के कारण जेमी ओवर्टन दूसरे वनडे से हुए बाहर । CricTracker Hindi

ENG vs WI : वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, यह तेज गेंदबाज हुआ बाहर

इस समय इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है।

Jamie Overton (Image Credit- Twitter X)
Jamie Overton (Image Credit- Twitter X)

इस समय इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही है। हालांकि, सीरीज के बीच इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जेमी ओवर्टन चोटिल होने के कारण बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सीरीज में कौन खेलेगा, इसकी घोषणा नहीं हुई है और न ही होगी, इस बात की पुष्टि ईसीबी ने खुद की है।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कार्डिफ में होने वाले दूसरे वनडे से पहले बयान जारी करते हुए कहा, ‘इंग्लैंड और सरे के ऑलराउंडर जेमी ओवर्टन दाएं हाथ की छोटी उंगली में चोट के चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ बाकी बचे मेट्रो बैंक वनडे और विटैलिटी आईटी20 से बाहर हो गए हैं।’

किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं किया जाएगा शामिल

बयान में आगे कहा गया कि, ‘गुरुवार को पहले वनडे के दौरान ओवर्टन को चोट लगी थी। अब वह इंग्लैंड की मेडिकल टीम की देखरेख में रिहैब की प्रक्रिया से गुजरेंगे। उनके स्थान पर जारी सीरीज के लिए वनडे टीम में किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा।’

बता दें कि, जेमी ओवर्टन ने एजबेस्टन में पहला वनडे खेला था और गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5.2 ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए थे और इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

पहले वनडे मुकाबले की बात करें, तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 400 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 26.2 ओवरों में सिर्फ 162 रनों पर सिमट गई और 238 रनों से बड़ी हार मिली। सीरीज का दूसरा वनडे मैच अब 1 जून को कार्डिफ में खेला जाएगा। फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है।

close whatsapp