न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए इंग्लैंड ने किया टीम का ऐलान, ब्रॉड और एंडरसन की हुई वापसी
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में बेन स्टोक्स करेंगे इंग्लैंड की कप्तानी।
अद्यतन - May 18, 2022 5:40 pm

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए 13-खिलाड़ियों की एक मजबूत टीम का ऐलान किया है और इस सीरीज के लिए जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की टीम में वापसी हुई है। इस सीरीज पर कई लोगों की निगाहें होंगी क्योंकि इस सीरीज के जरिए इंग्लैंड की टेस्ट टीम के लिए एक नए युग की शुरुआत होगी। अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स टीम का नेतृत्व करेंगे क्योंकि हाल ही में पूर्व कप्तान जो रूट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके अलावा, इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए हेड कोच के रूप में ब्रेंडन मैकुलम का यह पहला असाइनमेंट होगा और सभी की नजरें उनके ऊपर होंगी। इस बीच, चयनकर्ताओं ने यॉर्कशायर के बल्लेबाज हैरी ब्रुक और डरहम के तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स को पहली बार इंग्लैंड की टीम में शामिल किया है। इस साल की शुरुआत में टी-20 में डेब्यू करने वाले ब्रुक मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं।
ईसीबी ने कुछ युवा खिलाड़ियों को किया है टीम में शामिल
वहीं, पॉट्स मौजूदा काउंटी सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने डिवीजन 2 के लिए 35 विकेट लिए हैं, जिसमें उनके नाम चार पांच विकेट हॉल मौजूद है। साकिब महमूद, क्रिस वोक्स और मार्क वुड चोट के कारण टीम से बाहर हैं, जबकि मैथ्यू फिशर, डैन लॉरेंस, मैथ्यू पार्किंसन और ओली रॉबिन्सन को भी टीम से बाहर कर दिया गया है।
इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि, “बेन (स्टोक्स) और ब्रेंडन (मैकुलम) के नेतृत्व में हमारी टेस्ट टीम के लिए यह एक नए युग की शुरुआत होने होने वाला है।” उन्होंने आगे कहा कि, इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है, हमने एक अच्छे टीम का चयन किया है जो अगले महीने की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकती है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, हैरी ब्रुक और मैटी पॉट्स जैसे खिलाड़ी जिन्होंने इस काउंटी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है उन्हें हमने इंग्लैंड टीम में शामिल करके पुरष्कृत किया है, और वो इस मौके के हकदार हैं।”
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो, स्टुअर्ट ब्रॉड, हैरी ब्रुक, जैक क्रॉली, बेन फॉक्स, जैक लीच, एलेक्स लीज, क्रेग ओवर्टन, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स।