बेन स्टोक्स ने आबू धाबी क्रिकेट और स्पोर्ट्स हब की जमकर तारीफ की
हम लोग काफी किस्मत वाले हैं कि हमको पाकिस्तान दौरे में जाने से पहले अबू धाबी क्रिकेट और स्पोर्ट्स हब का साथ मिला: बेन स्टोक्स
अद्यतन - नवम्बर 26, 2022 12:39 अपराह्न

1 दिसंबर से पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस टेस्ट सीरीज की मेजबानी पाकिस्तान कर रही है। इसी के साथ इंग्लैंड टीम ने हाल ही में अबू धाबी क्रिकेट और स्पोर्ट्स हब में सात दिवसीय टेस्ट क्रिकेट के शिविर के साथ अपनी तैयारी पूरी की।
बता दें, इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रैंडन मैकुलम ने जबसे अपना-अपना पद संभाला है तबसे सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में काफी सुधार देखने को मिला है। टीम ने भी टेस्ट सीरीज में काफी शानदार प्रदर्शन किया है।
हाल ही में संपन्न हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ बेन स्टोक्स ने शानदार नाबाद मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी खेल सभी का दिल जीत लिया। इसी के साथ बेन स्टोक्स ने अबू धाबी में हुए शिविर की जमकर तारीफ की और कहा कि इसकी वजह से अब वो दोबारा टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
हम लोग काफी किस्मत वाले हैं कि हमें आबू धाबी क्रिकेट और स्पोर्ट्स हब की सुविधाओं का आनंद मिला: बेन स्टोक्स
बेन स्टोक्स ने कहा कि, ‘हम लोग काफी किस्मत वाले हैं कि हमको पाकिस्तान दौरे में जाने से पहले अबू धाबी क्रिकेट और स्पोर्ट्स हब का साथ मिला। उनकी सुविधाएं कमाल की है और हमने उनका पूरा लुफ्त उठाया। नेट्स की सुविधा भी उनकी कमाल की है। अब जब हमने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अभ्यास टेस्ट मुकाबला खेला है तो हमारा आत्मविश्वास भी पहले से काफी बढ़ गया है। उम्मीद करता हूं कि हम पाकिस्तान दौरे में अच्छा प्रदर्शन कर पाए।’
बता दें, बेन स्टोक्स की कप्तानी में टीम ने सात टेस्ट मुकाबलों में 6 में जीत दर्ज की है। हालांकि वो सभी मुकाबले उन्हीं के घर में खेले गए थे।
बेन स्टोक्स ने आगामी पाकिस्तान दौरे के लिए कहा कि, ‘ मैं बहुत ही खुश हूं। यह गर्मियां हमारे पक्ष में रही हैं और हमने अपनी परिस्थितियों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अब हमें पाकिस्तान में खेलने जाना है और वहां की परिस्थितियां इंग्लैंड से काफी अलग होगी। हमें उनसे काफी तगड़ी चुनौती मिलेगी लेकिन हम भी इतनी जल्दी हार मानने वालों में से नहीं है।
अबू धाबी में हमने काफी अभ्यास कर लिया है और अब जब हम इन परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझ चुके हैं तो पाकिस्तान को उन्हीं के घर में मात देने उन्हीं के मैदान पर उतरेंगे।’