तबीयत में हो रहा था सुधार लेकिन फिर भी ग्राहम थोर्प ने ले ली अपनी जान, दिवंगत इंग्लिश क्रिकेटर की पत्नी ने दिया बड़ा बयान
55 साल के थोर्प का निधन बीते 5 अगस्त को हो गया था।
अद्यतन - Aug 12, 2024 3:59 pm

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्राहम थोर्प ने आत्महत्या की थी और वह लंबे समय से डिप्रेशन और चिंता से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी ने इस बात की पुष्टि की है। 55 साल के थोर्प का निधन बीते 5 अगस्त को हो गया था। तब ये पता नहीं चल सका था कि उनकी मौत किस वजह से हुई है। लेकिन, अब उनकी पत्नी अमांडा ने ये बताया है कि वो लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे और अवसाद के कारण उन्होंने सुसाइड किया। बता दें, ग्राहम थोर्प की दो बेटी है जिनका नाम किटी और एमा है।
अमांडा ने खुलासा किया कि ग्राहम थोर्प गंभीर मानसिक समस्याओं से गुजर रहे थे। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि वो धीरे-धीरे ठीक हो रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह बड़ा कदम उठा लिया।
एक्सप्रेस के मुताबिक, अमांडा ने कहा कि, ‘एक पत्नी और दो बेटियों के होने के बावजूद, जिनसे वह प्यार करते थे और जो उनसे प्यार करते थे, वो ठीक नहीं हुए। हाल के दिनों में वह बहुत बीमार थे और उन्हें वाकई लगता था कि उनके बिना हम बेहतर रहेंगे। हम इस बात से बहुत दुखी हैं कि उन्होंने अपनी जान ले ली।
पिछले कुछ सालों से ग्राहम गंभीर अवसाद और चिंता से पीड़ित थे। इस वजह से उन्होंने मई 2022 में अपनी जान लेने की कोशिश की थी। इसके बाद वो लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहे। हालांकि, वो डिप्रेशन से गुजर रहे थे और यह कभी-कभी काफी बढ़ जाता था। हम लोगों ने एक परिवार के रूप में उन्हें काफी सपोर्ट किया, लेकिन अंत में कोई भी चीज काम नहीं आई।’
थोर्प का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटिंग करियर
बता दें, थोर्प ने इंग्लैंड की ओर से 100 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 6744 रन बनाए, जिसमें उनके नाम 16 शतक है और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 200* रहा है। इसके अलावा 82 वनडे में उनके नाम 2380 रन है।