IND vs ENG: भारत के बल्लेबाजों को स्पिन जाल में फंसाने का प्लान बना रहा है इंग्लैंड, तैयार किया एक खास मास्टरप्लान
भारत और इंग्लैंड गुरुवार, 25 जनवरी को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले टेस्ट में आमने-सामने होंगे।
अद्यतन - जनवरी 24, 2024 10:46 पूर्वाह्न

इंग्लैंड गुरुवार, 25 जनवरी से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में शुरू होने वाली पांच मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में भारत के खिलाफ एकमात्र तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है। वो तेज गेंदबाज मार्क वुड के साथ तीन स्पिनर्स को मैदान में उतार सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले टेस्ट के लिए टर्निंग पिच मिलने की उम्मीद है और इंग्लैंड सीरीज के शुरुआती मैच में तीन स्पिनर्स को मैदान में उतारने पर विचार कर रहा है।
इसलिए, यदि इंग्लैंड तीन स्पिन गेंदबाज के साथ उतरता है, तो बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले को डेब्यू करने का मौका मिलेगा और वह रेहान अहमद और जैक लीच के साथ स्पिन आक्रमण बनाएंगे। अहमद ने अब तक केवल एक ही टेस्ट खेला है और उन्होंने दिसंबर 2022 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपने पदार्पण मैच में 50 रन बनाए थे। दूसरी ओर, पीठ में दर्द के कारण एशेज 2023 से बाहर रहने के लगभग आठ महीने बाद लीच टीम में वापसी करेंगे।
इससे पहले भी एकमात्र तेज गेंदबाज के साथ टेस्ट मैच खेल चुकी है इंग्लैंड की टीम
आपको बता दें कि, यह 32 वर्षीय खिलाड़ी के लिए भारत का दूसरा दौरा होगा। इस पहले 2021 सीरीज के दौरान लीच ने सात पारियों में 28.72 की औसत से 18 विकेट लेकर अपनी टीम के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। यह पहली बार नहीं होगा कि इंग्लैंड स्पिन-हेवी गेंदबाजी आक्रमण का चयन करेगी। इससे पहले उन्होंने अहमदाबाद में पिछले दौरे (2021) के चौथे टेस्ट के दौरान जेम्स एंडरसन को प्लेइंग इलेवन में एकमात्र सीमर के रूप में चुना था।
हालांकि, एंडरसन को उस मैच के दौरान बेन स्टोक्स का साथ मिला था, जो वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद घुटने की सर्जरी के कारण इस सीरीज में गेंदबाजी नहीं करेंगे। इससे पहले 2023 में, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के तीसरे और चौथे टेस्ट के दौरान भी तीन स्पिनरों को चुना था, जहां उन्हें जीत मिली थी।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, शोएब बशीर, डैन लॉरेंस, जैक क्रॉली, बेन डकेट, बेन फॉक्स, टॉम हार्टले, जैक लीच, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, मार्क वुड
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया कैंप में पसारे कोरोना ने पैर, दो और सदस्य पाए गए COVID-19 पॉजिटिव