भारत के खिलाफ खेले जा रहे हैदराबाद में पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने अनचाहा रिकॉर्ड किया अपने नाम
मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 246 रन बनाए थे।
अद्यतन - जनवरी 26, 2024 3:31 अपराह्न

इस समय भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अभी तक भारत ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्होंने मैच में पकड़ बनाई हुई है। इंग्लैंड की बात की जाए तो टीम पहले टेस्ट में अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही है।
यही नहीं इंग्लैंड ने इस टेस्ट मैच की पहली पारी में एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। इंग्लैंड ने अपने तीनों ही रिव्यूज मात्र 13.2 ओवर्स में ही गंवा दिए। इससे पहले वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड मैच में फील्डिंग टीम ने अपने तीनों ही रिव्यूज 16.1 ओवर्स में गंवा दिए थे। अब इंग्लैंड ने फील्डिंग टीम की ओर से यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
Fastest fielding team to lose ALL 3 REVIEWS:
13.2 overs
England🏴 v IND at Hyderabad, 2024*16.1 overs
West Indies🏝️ v ENG at Manchester, 2020#INDvsENG pic.twitter.com/RcbUKvoVry— Kausthub Gudipati (@kaustats) January 26, 2024
मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 246 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी और इसी वजह से इंग्लैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। बेन स्टोक्स ने 88 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। इस मैच में इंग्लैंड ने शुरुआत तो काफी अच्छी की थी लेकिन भारतीय स्पिनर्स ने मेजबान को जबरदस्त वापसी करवाई ।
बेन स्टोक्स के अलावा अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 29 रनों का योगदान दिया जबकि जॉनी बेयरस्टो ने 37 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। बेन डकेट ने 35 रनों की शानदार पारी खेली। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
भारतीय टीम खेल के दूसरे दिन काफी मजबूत स्थिति में है
बता दें, खेल का दूसरा दिन अभी तक मेजबान के नाम ही रहा है। टीम की ओर से युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़ दिए है।
फिलहाल भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है और देखना यह होगा कि कैसे इंग्लैंड मैच में वापसी करता है? अभी तक इंग्लैंड की ओर से कोई भी गेंदबाज इस मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया है।