इंग्लैंड महिला टीम की खिलाड़ी आन्या श्रबसोल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का किया ऐलान
आन्या श्रबसोल ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2008 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अप्रैल 14, 2022 4:36 अपराह्न

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अहम सदस्यों में से एक स्टार गेंदबाज आन्या श्रबसोल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है। 14 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से सभी का दिल जीतने वाली आन्या श्रबसोल साल 2017 में हुए महिला वनडे वर्ल्ड कप में जीत हासिल करने वाली इंग्लैंड टीम की सदस्य भी थी।
समरसेट की तरफ से घरेलू क्रिकेट में पदार्पण करने वाली आन्या श्रबसोल ने इंग्लैंड के लिए सभी फॉर्मेट में मिलाकर कुल 173 मुकाबले खेले जिसमें उन्होंने कुल 227 विकेट हासिल किए। उनके सबसे यादगार प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो भारत के खिलाफ साल 2017 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में उन्होंने 46 रन देकर 6 विकेट हासिल करते हुए टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका अदा की थी।
महिला क्रिकेट में वह इंग्लैंड की तरफ से वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय टी-20 फॉर्मेट की बात की जाए तो उसमें आन्या श्रबसोल पहले स्थान पर हैं। 30 साल की इस खिलाड़ी के नाम पर 2 वर्ल्ड कप खिताब और 2 एशेज खिताब दर्ज हैं। हालांकि अब वह इंग्लैंड की जर्सी में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगी लेकिन घरेलू क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में वह खेलना जारी रखेंगी।
कभी नहीं सोचा था कि मैं इंग्लैंड के लिए इतने समय तक खेल पाउंगी
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) की तरफ से आन्या श्रबसोल के जारी किए गए बयान में उन्होंने कहा कि, मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे अपने देश के लिए 14 साल तक खेलने का मौका मिला। महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में शामिल होना मेरे लिए एक बड़े सम्मान की बात है, जिसके बाद समय को देखते हुए अब मुझे मेरे कदम पीछे लेने का वक्त आ गया है।
आन्या ने अपने बयान में आगे कहा कि, मेरे करियर में जो सबसे यादगार मुकाबला रहा वह साल 2017 में लॉर्ड्स के मैदान पर खेला गया ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला था जिसमें काफी सारे उतार-चढ़ाव देखने को मिले थे, लेकिन अंत में हम ट्रॉफी जीतने में कामयाब हो सके। मेरे करियर के दौरान कई लोगों ने मुझे समर्थन दिया जिसको लेकर मैं सभी का धन्यवाद देना चाहती हूं।