अगर विराट कोहली को अपने फॉर्म में वापस आना है तो उन्हें हर जगह जाकर मुकाबले खेलने होंगे: आकाश चोपड़ा
मुझे लगता है कि उन्हें वेस्टइंडीज में जाकर भी खेलना चाहिए। चाहे कोई भी लीग हो या कोई भी टूर्नामेंट हो उन्हें सभी में भाग लेना चाहिए: आकाश चोपड़ा
अद्यतन - Jul 10, 2022 3:48 pm

भारत के पूर्व बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के ऊपर बड़ा स्कोर बनाने का दबाव हर दिन बढ़ता जा रहा है। बता दें, पिछले कुछ समय से कोहली का बल्ला काफी शांत रहा है। कुछ मुकाबलों में उनको शुरुआत भी मिली लेकिन उसको बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे।
बर्मिंघम में खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में भी विराट कोहली ने बड़ी जल्दी अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने मात्र 3 गेंदों में 1 रन बनाकर रिचर्ड ग्लीसन को अपना विकेट सौंप दिया। उनका कैच डाविड मलान ने पकड़ा था।
विराट कोहली को अब सब जगह क्रिकेट खेलना चाहिए: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘विराट कोहली इस मुकाबले में जल्द आउट हो गए थे लेकिन इस पर कोई बहस इसलिए नहीं हो रही क्योंकि वह पिछले कई समय से रन बनाने में नाकाम रहे हैं। वो शॉट्स तो खेल रहे हैं लेकिन उसपर भी वो आउट हो जा रहे हैं। उनके ऊपर बड़ी पारी खेलने का दबाव रोज बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘इसीलिए मुझे लगता है कि उन्हें वेस्टइंडीज में जाकर भी खेलना चाहिए। चाहे कोई भी लीग हो या कोई भी टूर्नामेंट हो उन्हें सभी में भाग लेना चाहिए। एक बार वो बड़ा स्कोर बनाना शुरू कर देंगे तो उनको रोकना काफी मुश्किल हो जाएगा। हम सब जानते है कि वो कितने कमाल के खिलाड़ी है।
बता दें, दूसरे टी-20 मुकाबले में विराट कोहली को इनफॉर्म दीपक हुड्डा की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था। दीपक हुड्डा का फॉर्म आयरलैंड दौरे से ही काफी अच्छा रहा है। विराट कोहली के अलावा ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को भी इस मुकाबले में मौका दिया गया था। भारत ने इस मुकाबले को जीतकर टी-20 सीरीज अपने नाम कर ली है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले मुकाबलों में और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम मैनेजमेंट इन दोनों खिलाड़ियों में से किसको मौका देती है। बता दें, आयरलैंड के खिलाफ दीपक हुड्डा ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था।