IPL 2022: गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर मुख्य कोच आशीष नेहरा की टिप्पणी
गुजरात टाइटंस अपने पहले सीजन की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 28 मार्च को करेगी।
अद्यतन - मार्च 27, 2022 2:07 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक रोमांचक सीजन की शुरुआत 26 मार्च से हो चुकी है जिसमें IPL 2021 के उप-विजेता रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को मात देकर एक शानदार जीत के साथ इस सीजन की शुरुआत की है। वहीं दूसरी तरफ इस सीजन की नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस (GT) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) भी अपने पहले सीजन में मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
दोनों टीमें अपने डेब्यू सीजन में 28 मार्च को आमने-सामने होंगी। गुजरात टाइटंस (GT) के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या के पद को लेकर प्रतिक्रिया है। फरवरी 2022 में आयोजित दो दिवसीय मेगा नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को 15 करोड़ रुपए की भारी रकम में रिटेन किया था और उसके बाद IPL की शुरुआत से पहले हार्दिक को टीम की कमान सौंप दी गयी।
हार्दिक पांड्या के अलावा फ्रेंचाइजी ने नीलामी से पहले शुभमन गिल और राशिद खान जैसे शानदार खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने का फैसला किया था। आशीष नेहरा का मानना है कि पांड्या ने 2016 IPL में डेब्यू किया था और अब सबसे बड़े नामों में से एक माने जाते हैं। आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या चोट के कारण लम्बे समय से क्रिकेट से दूर रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2021 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला था।
“उन्होंने अभी तक किसी भी टीम का नेतृत्व नहीं किया है”- आशीष नेहरा
आशीष नेहरा का बयान जो ईएसपीएन क्रिकइंफो में छपा उसके अनुसार उन्होंने कहा कि “हार्दिक पांड्या ने वर्ष 2016 में पहली बार IPL खेला था और अब वह सबसे बड़े नामों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने इतिहास में अभी तक किसी टीम का नेतृत्व नहीं किया है। एक सिक्के के दो पहलू होते हैं अगर आपकी टीम के पास एक अनुभवी कप्तान है तो टीम में सभी चीजें अच्छी होती हैं। लेकिन सभी खिलाड़ियों को कही न कहीं शुरुआत करने की जरूरत है।”
नेहरा ने भारतीय टीम के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन और महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा “जब गैरी कर्स्टन भारतीय टीम के कोच बने उस दौरान उन्हें भी 5 साल का अनुभाव नहीं था और जब धोनी कप्तान बने तब उन्हें भी 4 या छह साल की कप्तानी का अनुभव नहीं था। यह भी कुछ वैसा ही है भले ही हार्दिक पांड्या ने पहले कप्तानी न की हो लेकिन वह इस सीजन से काफी कुछ सीखेंगे। मैं और हार्दिक इस सीजन में एक साथ समय बिताना शुरू करेंगे और एक-दूसरे से सीखेंगे। हार्दिक इस अपनी भूमिका को लेकर काफी उत्साहित हैं और इसको एक बड़ी जिम्मेंदारी के रूप में ले रहे हैं। “