मोहम्मद शमी ने लंबे ब्रेक के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी पर अपनी भावनाएं व्यक्त की; देखिए वीडियो
मोहम्मद शमी वनडे क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
अद्यतन - Jul 14, 2022 11:28 am

भारत के सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में गेंदबाजों के प्रदर्शन और वनडे क्रिकेट में अपनी वापसी के बारे में बात की। शमी ने अपने सात ओवर के स्पैल में केवल 31 रन देकर तीन विकेट झटके और तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले वनडे में इंग्लैंड पर टीम इंडिया की 10 विकेट की जीत में अपनी भूमिका निभाई।
अपने इस शानदार प्रदर्शन के साथ 31-वर्षीय तेज गेंदबाज वनडे क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर के रिकॉर्ड को तोड़कर यह उपलब्धि सिर्फ 80 मैचों में हासिल की। अगरकर ने 97 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा शमी यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज गेंदबाज भी बने।
मोहम्मद शमी ने भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात की
मोहम्मद शमी ने BCCI.tv पर भारतीय गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे के साथ वीडियो चैट के दौरान कहा: “पहले वनडे मैच में जैसे ही हमने गेंदबाजी शुरू की, गेंद रुक रही थी और सीम कर रही थी, इसलिए हमारे लिए अपने क्षेत्रों को चुनना, लाइन और लेंथ को नियंत्रण में रखना बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया था। मुझे लगता है कि हम सभी गेंदबाजों ने पहले वनडे में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और शानदार प्रदर्शन किया; खासकर विकेट के नेचर को देखते हुए। मुझे लगता है कि हमने बेहतरीन अंदाज में वनडे सीरीज की शुरूआत की है।
हम सभी काफी समय से एक-साथ क्रिकेट खेल रहे हैं, इसलिए हमें अपनी भूमिका को लेकर काफी स्पष्टता है, और हमें पता होता है कि हमें क्या करना है। जब मैंने पहला ओवर फेंका तो हमें पता चल गया था कि पिच पर कुछ सीम और स्विंग हैं। जिसके बाद जसप्रीत बुमराह ने भी समान लेंथ पर गेंदबाजी की और अच्छे विकेट हासिल किए। यह गेंदबाजों के लिए चीजें काफी आसान कर देता है, खासकर पहले बदलाव करने वालों के लिए।”
मोहम्मद शमी ने लंबे ब्रेक के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी को लेकर बात की
मोहम्मद शमी के लिए इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे साल 2020 के बाद पहला 50 ओवरों का मैच था, लेकिन उनके लिए गैप मायने नहीं रखता और वह टीम के साथ बहुत सहज है। आपको बता दें, उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार वनडे मैच नवंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अंत में कहा: “यह कोई छोटा ब्रेक नहीं बल्कि तीन साल का ब्रेक था। हालांकि, मैं इस लंबे अंतराल को लेकर ज्यादा नहीं सोच रहा था। मैं टीम के साथ बहुत सहज हो गया हूं; क्योंकि हम एक साथ यात्रा करते हैं, और एक दशक से एक साथ खेल रहे हैं। हर कोई अपना काम जानता है, और इतना क्रिकेट एक-साथ खेलने के बाद अगर आपके मन में कोई सवाल आता है, तो मेरा मानना है कि यह खिलाड़ी के लिए अच्छी चीज नहीं है।”
यहां देखिए वीडियो –
Picking his 1⃣5⃣0⃣th ODI wicket 👏
Bowling in tandem with @Jaspritbumrah93 🤝@MdShami11 discusses it all with Bowling Coach Paras Mhambrey after #TeamIndia's comprehensive win in the first #ENGvIND ODI. 👍 👍 – By @RajalAroraFull interview 🎥 🔽https://t.co/OX5XkQT9cW pic.twitter.com/8YoEFmpZGj
— BCCI (@BCCI) July 13, 2022