Ranji Trophy 2024-25: डक के बाद रजत पाटीदार ने दिखाया घातक फॉर्म, लेकिन शतक से चूके... - क्रिकट्रैकर हिंदी

Ranji Trophy 2024-25: डक के बाद रजत पाटीदार ने दिखाया घातक फॉर्म, लेकिन शतक से चूके…

केरल के खिलाफ रजत पाटीदार ने 92 रन की पारी खेली।

Rajat Patidar (Photo Source: X)
Rajat Patidar (Photo Source: X)

रणजी ट्रॉफी 2024-25 का दूसरा राउंड शानदार अंदाज में खेला जा रहा है। ग्रुप-सी में मध्य प्रदेश और केरल के बीच खेले जा रहे मुकाबले में रजत पाटीदार मात्र 8 रन से शतक से चूक गए। उन्होंने 142 गेेंदों में 92 रन की शानदार पारी खेली। दूसरी ओर, महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी बरोदा के खिलाफ मैच में शतक से चूके।

केरल के खिलाफ दूसरी पारी में रजत पाटीदार ने दिखाया शानदार खेल

केरल के खिलाफ मैच की पहली पारी में रजत पाटीदार दो गेंदें खेलकर डक पर आउट हो गए थे। दूसरी पारी में घातक फॉर्म दिखाते हुए उन्होंने 142 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 92 रन की पारी खेली। वह 66वें ओवर के दौरान बासिल थंपी के खिलाफ आउट हुए।

रजत ने जारी रणजी ट्रॉफी सीजन में 51.4 के औसत से 519 रन बना लिए हैं। घरेलू टूर्नामेंट में वह लगातार शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में 186.08 के स्ट्राइक रेट से 428 रन बनाए थे। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में 56.5 के औसत से 226 रन बनाए थे।

केरल के खिलाफ मैच की पहली पारी में मध्य प्रदेश की टीम 160 के स्कोर पर ऑलआउट हुई थी। केरल भी पहली पारी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया, टीम 167 के स्कोर पर सिमट गई थी। मध्य प्रदेश ने रजत पाटीदार की शानदार पारी के चलते 250 रनों से अधिक की बढ़त हासिल कर ली है।

ऋतुराज गायकवाड़ ने बरोदा के खिलाफ बनाए 89 रन

ऋतुराज गायकवाड़ ने बरोदा के खिलाफ जारी मुकाबले की दूसरी पारी में महाराष्ट्र के लिए 83 गेंदों में 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली। वह पहली पारी में 21 गेंदों में मात्र 10 रन बना पाए थे। ऋतुराज की कप्तानी पारी के चलते महाराष्ट्र ने बरोदा के खिलाफ 400 से अधिक रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

close whatsapp